फरीदाबाद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और बीजेपी नेताओं ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

फरीदाबाद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और बीजेपी नेताओं ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

देश का विभाजन भारतीय इतिहास का एक अमानवीय और काला अध्याय है। फरीदाबाद के लघु सचिवालय सेक्टर-12 में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शहीदों एवं विस्थापित परिवारों को शत्-शत् नमन किया।

विभाजन की त्रासदी से सीख लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि 1947 का धर्म के आधार पर हुआ विभाजन भारतीय इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक है। इसकी पीड़ा आज भी करोड़ों परिवारों की स्मृतियों में जीवित है। उन्होंने उन सभी देशवासियों का स्मरण किया जिन्हें विभाजन के समय अपनी ज़िंदगी गँवानी पड़ी थी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पीड़ितों का सम्मान और प्रदर्शनी का अवलोकन

इस अवसर पर विभाजन विभीषिका के पीड़ित रहे प्रसिद्ध उद्योगपति श्री डी.एन कथूरिया, श्री टी.डी जटवानी, श्री प्रकाश लाल शर्मा व अन्य को सम्मानित किया गया। इन पीड़ितों ने अपने मार्मिक अनुभव साझा किए। उनके अनुभवों ने उस दौर की पीड़ा, विस्थापन और अनगिनत परिवारों के त्याग एवं संघर्ष की स्मृतियों को पुनः जीवंत कर दिया। इस उपलक्ष्य में विभाजन विभीषिका पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन केन्द्रीय मंत्री चौधरी कृष्णपाल गुर्जर ने जिला अध्यक्ष भाजपा फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल, जिला अध्यक्ष भाजपा फरीदाबाद महानगर सोहनपाल सिंह और डीसी फरीदाबाद आयुष सिन्हा के साथ किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा

चौधरी कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विभाजन के दौरान 10 लाख से ज़्यादा लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। असंख्य परिवारों को अपना घर-бар छोड़कर विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। उन सभी पीड़ितों के संघर्ष, साहस और बलिदान को नमन करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिवस के माध्यम से विभाजन के दौरान शहीद हुए लोगों और विस्थापित परिवारों की पीड़ा को राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

श्री गुर्जर ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति द्वेष पैदा करना नहीं है। इसका उद्देश्य इतिहास से सीख लेकर भविष्य में ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति न होने देना है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी को देश के इतिहास और विभाजन के दौरान झेली गई पीड़ा के बारे में जागरूक किया जाए।

युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन

जिला अध्यक्ष भाजपा फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस दिवस को मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को इतिहास की घटनाओं से अवगत कराना है। इससे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। इसी कड़ी में 16 अगस्त से महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। युवाओं को भारत विभाजन की वास्तविक घटनाओं एवं उसके दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। एक माह तक जिला स्तर पर युवाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शुक्रवार को गुरुग्राम में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में फरीदाबाद से भाजपा कार्यकर्त्ता और सैंकड़ों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने विभाजन की त्रासदी में प्रभावित परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही एक सशक्त, समृद्ध और अखंड भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। यह कार्यक्रम किसी एक वर्ग, समाज या संगठन का नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का कार्यक्रम है। यह उन लाखों परिवारों के संघर्ष, त्याग और अदम्य साहस को नमन करने का अवसर है जिन्होंने सब कुछ खोने के बावजूद अपने पुरुषार्थ, परिश्रम और संकल्प के बल पर स्वयं को पुनः स्थापित किया और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Share:

Comments

Leave a comment