विधायक विनोद भयाना ने शेखपुरा गांव में जिले की पहली महिला लाइब्रेरी का किया शुभारंभ

विधायक विनोद भयाना ने जिले की पहली महिला लाइब्रेरी का शेखपुरा गांव में किया शुभारंभ
एसडीएम राजेश खोथ ने 21 किताबें तथा दो समाचार पत्रों की व्यवस्था करवाने की घोषणा की
हांसी/ / 23 अगस्त 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
शेखपुरा गांव में रविवार को जिले की पहली महिला लाइब्रेरी (नव चेतना महिला लाइब्रेरी ) का शुभारंभ विधायक विनोद भयाना ने किया। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, गांव के सरपंच प्रदीप कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों की ओर से विधायक विनोद भयाना का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं गांव की ओर से कैप्टन सतपाल सिंह ने एसडीएम राजेश खोथ को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि शेखपुरा गांव में जिले की पहली महिला लाइब्रेरी का उद्घाटन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने गांव की माताओं, बहनों और बेटियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी केवल किताबों का कमरा नहीं है, बल्कि महिलाओं और बेटियों के सपनों को उड़ान देने का एक नया केंद्र है।
विधायक ने आगे कहा कि यहां से हमारी बेटियां पढ़ेंगी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करेंगी और अपने मन में संजोए सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। हमारी बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें बेहतर माहौल, उचित मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग की है। जब माता-पिता अपनी बेटियों को प्रेरित करेंगे और उन्हें शांत वातावरण में बैठकर पढ़ने का अवसर मिलेगा, तो उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयां हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता।
विधायक ने कहा कि आज वे बहुत हर्षित मन से पूरे गांव और विशेष तौर पर बेटियों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि महिलाओं और बेटियों को शिक्षा तथा ज्ञान के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। महिला लाइब्रेरी इसी सोच को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक विनोद भयाना ने इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उपायुक्त राहुल नरवाल तथा मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सकारात्मक सोच और अधिकारियों के सहयोग से जिले में ऐसी जनहितकारी पहलें लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने एसडीएम राजेश खोथ की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में उनका सहयोग हमेशा मिलता रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इस लाइब्रेरी का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और विशेषकर बेटियों को नियमित रूप से लाइब्रेरी में आकर पढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव की असली तरक्की तभी मानी जाती है, जब वहां की बेटियां शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने पैरों पर खड़ी हों। विधायक ने सरपंच द्वारा गांव के विकास को लेकर रखी गई मांगों को पूरा करवाने का भी आश्वासन दिया।
एसडीएम राजेश खोथ ने 21 किताबें उपलब्ध करवाने की घोषणा की
इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ ने महिला लाइब्रेरी को अपनी ओर से 21 किताबें व अंग्रेजी तथा हिंदी का एक-एक अखबार उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों तथा अन्य लोगों से भी अपील की कि वे लाइब्रेरी में उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध करवाने के लिए आगे आएं, ताकि यहां आने वाली बेटियों और महिलाओं को विभिन्न विषयों की अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने को मिल सकें।
उद्घाटन के बाद विधायक विनोद भयाना तथा एसडीएम राजेश खोथ ने महिला लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था और पुस्तकों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों और ग्रामीण प्रतिनिधियों से लाइब्रेरी के संचालन के संबंध में चर्चा की।
इस दौरान विधायक ने कहा कि लाइब्रेरी को भविष्य में और अधिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए, ताकि यहां आने वाली महिलाओं और छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे लाइब्रेरी की देखरेख और संचालन में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने महिला लाइब्रेरी की स्थापना तथा गांव में करवाई जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक विनोद भयाना का धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध होने से छात्राओं और महिलाओं को पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए काफी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान ने लाइब्रेरी स्थापित करने में डीसी राहुल नरवाल तथा विधायक विनोद भयाना द्वारा दिए गए सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जिला के कई गांव में नव चेतना महिला पुस्तकालय स्थापित करवाए जाएंगे। इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। घिराय गांव में पुस्तकालय बनकर तैयार हो गया है। जल्दी इसका उद्घाटन करवाया जाएगा। नारनौंद में भी पुस्तकालय स्थापित करने को लेकर तेरी इसी कार्यवाही पूरी की जा रही है।
इस अवसर पर राजपाल यादव, मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष सुरजीत गुर्जर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अशोक कुमार, विनोद सैनी, सुभाष यादव, गांव के सरपंच प्रदीप कुमार, विधायक के निधि सचिन रवि अरोड़ा, विभागीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, छात्राएं और ग्रामीण मौजूद रहे।