हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल टोहाना का किया औचक निरीक्षण

हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल टोहाना का किया औचक निरीक्षण

हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने टोहाना के पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का दौरा करके छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं, सुविधाओं तथा सुरक्षा संबंधी विषयों की पूरी जानकारी ली।

  • हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने किया स्कूल का औचक निरीक्षण।
  • छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा, सुविधाओं और शिकायत व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।
  • जांच के बाद संबंधित अध्यापक को भेजा गया छुट्टी पर, सीएमओ को दिए मेडिकल परीक्षण के निर्देश।

वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए कहा कि यदि उन्हें स्कूल अथवा घर पर किसी प्रकार के अभद्र व्यवहार, असहजता या परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो वे बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत साझा करें। उन्होंने छात्राओं से कहा कि स्कूल आने-जाने के दौरान यदि कोई व्यक्ति उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है, अनुचित टिप्पणी करता है अथवा किसी प्रकार से परेशान करता है, तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की समस्या को दबाने की बजाय उसके बारे में खुलकर बताना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को शिकायत दर्ज करवाने के लिए ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध सुविधा की जानकारी भी दी और कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर छात्राएं ई-मेल के माध्यम से अपनी शिकायत आयोग तक पहुंचा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

आंतरिक शिकायत समिति के साथ बैठक और निर्देश

वाइस चेयरपर्सन ने विद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक की और समिति की कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्राओं को शिकायत समिति के बारे में पर्याप्त जानकारी दी जाए तथा समिति के सभी सदस्यों के नाम और संपर्क संबंधी जानकारी विद्यालय में प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित की जाए, ताकि किसी भी छात्रा को आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सदस्य से आसानी से संपर्क करने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कमेटी को निर्देश दिए कि छात्राओं के साथ नियमित रूप से संवाद किया जाए तथा उनकी व्यक्तिगत और निजी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए

मिड-डे मील और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा

निरीक्षण के दौरान वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने विद्यालय की कक्षाओं का दौरा करने के साथ-साथ मिड-डे मील व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में निरंतर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

अध्यापक पर कार्रवाई और अधिकारियों की मौजूदगी

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मीना परमार ने कहा कि विद्यालय से संबंधित एक मामले की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर एसडीएम टोहाना तथा खंड शिक्षा अधिकारी, टोहाना द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित अध्यापक के व्यवहार को लेकर मामला सामने आया, जिसके बाद संबंधित अध्यापक को छुट्टी पर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित अध्यापक का मेडिकल परीक्षण करवाने के लिए सीएमओ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है। छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना विद्यालय प्रबंधन और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपनी बात रखने के लिए उचित मंच और शिकायत की प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध करवाना आवश्यक है, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। मीना परमार ने कहा कि छात्राएं बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं सामने रखें। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं आंतरिक शिकायत समिति को निर्देश दिए कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ सुना जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसडीएम आकाश शर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारी जगदीश सेवदा, डीपीओ कविता, सुपरवाइजर करमजीत कौर और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।

Share:

Comments

Leave a comment