कैथल के न्यूटन पब्लिक स्कूल में मनाया गया विश्व प्राथमिक सहायता दिवस, विद्यार्थियों को सिखाए गए सीपीआर और फर्स्ट एड के तरीके

कैथल के न्यूटन पब्लिक स्कूल में मनाया गया विश्व प्राथमिक सहायता दिवस, विद्यार्थियों को सिखाए गए सीपीआर और फर्स्ट एड के तरीके

कैथल, 12 सितंबर। विद्यार्थियों को सिखाए गए प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर के तरीके। रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से न्यूटन पब्लिक स्कूल में मनाया गया विश्व प्राथमिक सहायता दिवस। प्राथमिक सहायता का ज्ञान प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। डीसी एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी कैथल अध्यक्ष अपराजिता के मार्गदर्शन में शनिवार को मानस रोड स्थित न्यूटन पब्लिक स्कूल कैथल में विश्व प्राथमिक सहायता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रवीण प्रजापति के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्कूल स्टाफ को प्राथमिक सहायता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रत्येक नागरिक के लिए प्राथमिक सहायता का ज्ञान जरूरी

जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव रामजी लाल ने कहा कि प्राथमिक सहायता का ज्ञान केवल चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक आम नागरिक को भी इसकी जानकारी होनी चाहिए। दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक सहायता देकर जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जाए तो उसकी स्थिति को गंभीर होने से रोका जा सकता है। कई परिस्थितियों में उसकी जान भी बचाई जा सकती है। जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. बीरबल दलाल ने बताया कि इस वर्ष की थीम फर्स्ट एड इन माइग्रेशन कॉन्टेक्स्ट है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

घायल व्यक्ति की मदद और सीपीआर का दिया गया डेमो

विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करते हुए घायल व्यक्ति की मदद कैसे की जा सकती है। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर रक्तस्राव रोकने, हड्डी टूटने की स्थिति में प्रभावित अंग को स्थिर रखने तथा घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने के बारे में जानकारी दी गई। यदि किसी व्यक्ति में सांस नहीं चल रही हो, तो ऐसी स्थिति में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) कैसे दिया जाता है, इसका डेमो भी प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों को सीपीआर की प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ उनसे इसका अभ्यास भी करवाया गया। विश्व प्राथमिक सहायता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक सहायता विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी

स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रवीण प्रजापति एवं प्रिंसिपल रेखा ने कहा कि जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से दिया गया प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए अत्यंत उपयोगी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग आपात परिस्थितियों में जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता कर सकें।

Share:

Comments

Leave a comment