यारब जेन-ज़ी न समझे हैं न समझेंगे मोदी जी की बात

यारब जेन-ज़ी न समझे हैं, न समझेंगे मोदी जी की बात!

राजेंद्र शर्मा
देखा, देखा, भक्तों की आशंका सही निकली। जेन-ज़ी पर मोदी जी की माफ़ी वेस्ट हो गयी यानी एकदम बेकार गयी। जरा सी कृतज्ञता की छोड़ो, बंदों के मुंह से दिखावे के लिए एक थैंक यू तक नहीं निकला।
माफ़ी देने का कोई असर ही नहीं हुआ। मुर्गी जान से गयी और मियां जी को मजा ही नहीं आया। वर्ना चर्चा तो होनी चाहिए थी, आईआईटी दिल्ली में मोदी जी के दीक्षांत समारोह में पधारने की। आईआईटी के श्रेष्ठतम प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मोदी जी के अपने कर-कमलों से पदक प्रदान करने की। आईआईटी के छात्रों के बहाने मोदी के जेन-जी को इसका भरोसा दिलाने की कि संघ के स्वयंसेवक हुए तो क्या हुआ, वह भी छात्रों को प्रश्नाकुलता का उपदेश दे सकते हैं।
पर चर्चा काहे की हो रही है? चर्चा हो रही इसकी कि मोदी जी के आने के लिए सुरक्षा इंतजामों के नाम पर, कई दिन पहले से छात्रों को कितना परेशान किया गया। मोदी जी के आने वाले दिन, कार्यक्रम हॉल में घुसने के लिए छात्रों को कैसी-कैसी चेकिंग से गुजरना पड़ा और लैपटॉप, फोन, पानी की बोतल और क्या-क्या बाहर छोड़कर आना पड़ा।
चर्चा हो रही है इसकी कि अपने बच्चों को डिग्री लेते देखने के लिए पहुंचे माता-पिता को कैसे घंटों बाहर ही इंतजार करना पड़ा, जब तक मोदी जी का कार्यक्रम समाप्त नहीं हो गया। और कई को तो डिग्री दिए जाने का कार्यक्रम, मोदी जी के फारिग होने के बाद पर खिसकाए जाने से, अपने बच्चे को डिग्री लेते देखना नसीब ही नहीं हुआ।
बताइए! माफ़ी की कद्र करने वाला होता तो जेन-ज़ी, मोदी जी के दर्शन देने के लिए समय निकालने पर धन्य हो रहा होता या इसकी शिकायतें करता फिरता कि उसे ही नहीं, उसके माता-पिता को भी मोदी जी के आने की वजह से हैरान-परेशान होना पड़ा।
जेन जी के माता-पिता तो जेन ज़ी भी नहीं होंगे – मिलेनियल होंगे या और बहुत हुआ तो बूमर। अपनी झूठी-सच्ची शिकायतों में जो उन अंकिलों को भी घसीटने कोशिश करें, जिनमें बहुत सारे तो पक्के वाले भक्त रहे होंगे, वह जेन-ज़ी मोदी जी की माफ़ी पाने के लायक तो नहीं ही हो सकता है। भागवत जी को पता नहीं कैसे इस जेन ज़ी में, पहले वाली पीढ़ियों से ज्यादा ईमानदारी और देशभक्ति नज़र आ गयी। देश तो फिर भी अमूर्त है, मूर्त तो मोदी जी वाली पीएम की गद्दी ही है – जिसके मन में मोदी भक्ति नहीं जागी, उसके मन में देशभक्ति कैसे जागेगी?
और बात सिर्फ सुरक्षा इंतजामों की वजह से हैरान होने की ही हो रही होती, तब भी समझा जा सकता था। शिकायत करने वाले भी ज्यादा से ज्यादा यही तो कह रहे होते कि इससे तो अच्छा था कि मोदी जी सशरीर दर्शन देते ही नहीं। मोदी जी के लिए वह कौन-सा मुश्किल था? मोदी जी प्रौद्योगिकी से डरते नहीं हैं, वह तो प्रौद्योगिकी पर मरते हैं। 2020 में कोरोना के टैम में मोदी जी ने इसी आईआईटी के, इसी कार्यक्रम में, अशरीर यानी वर्चुअल रूप में हिस्सा लिया भी तो था। वह तो जेन-जी पर प्यार आ गया, वर्ना एक बार फिर वर्चुअली पहुंच सकते थे।
पर बात हो रही है, छात्रों के सामने प्रधानमंत्री के संबोधन की। बात इसकी हो रही है कि मोदी जी ने आईआईटी छात्रों को प्रश्नाकुलता का उपदेश तो खूब दिया, पर उसमें भी अपने प्रिय छोटे भाई, बागेश्वर बाबा का पुछल्ला क्यों जोड़ दिया? आगे विज्ञान किधर जाएगा, यह मोदी जी को नहीं पता है, मोदी जी का यह स्वीकार करना तो ठीक है। लेकिन, बागेश्वर बाबा को पता होगा, का इशारा क्यों? क्या आईआईटी के छात्रों की शिक्षा में इसी ‘‘वैज्ञानिकता’’ की कमी थी, जिसकी पूर्ति के लिए मोदी जी का दीक्षांत भाषण जरूरी था! जिस जेन-ज़ी को मोदी जी के भाषण से ही प्रॉब्लम हो, उस पर मोदी जी को अपनी माफी बर्बाद क्यों करनी थी?
और बात सिर्फ मोदी जी के उपदेश तक ही रहती, तब भी गनीमत थी। उपदेश आजकल वैसे भी सुनना ही कौन चाहता है? वर्ना क्या मोदी जी आधी रात को जाग-जाग कर रील बना रहे होते? और क्या भागवत जी पब्लिक को दिखाकर प्रश्नोत्तरी खेल रहे होते और वह भी जेन-ज़ी के एक प्रतिनिधि के साथ! जेन ज़ी को उपदेश नहीं सुनना है, तो वह भी सही। पर यहां तो चर्चा इसकी हो रही है कि प्रधानमंत्री से जिन्हें पदक पाना था, उन्हें इसकी ट्रेनिंग क्यों दी जा रही थी कि मोदी जी के सामने कितना झुक कर खड़े होना है?
सिर्फ इतना नहीं कि झुक कर खड़े होना था। यह भी बताया जा रहा था कि कितनी डिग्री झुक कर खड़े होना है -- नब्बे डिग्री से थोड़ा कम ही सही, पर नब्बे डिग्री के कितने करीब? और यह सबसे मेधावी छात्रों के लिए था। यह तो मेधा को सत्ता के आगे झुकाना हुआ!
पहली बात तो यह है कि इस मामले में सत्ता को बीच में लाना ही गलत है। पदक अमूर्त प्रधानमंत्री को नहीं, मूर्त मोदी जी को देने थे। पदक पाने वालों को झुककर मोदी जी के सामने खड़ा होना था। और चूंकि मोदी जी मूर्त हैं, उनकी एक उम्र भी है। जेन ज़ी के साथ संवाद के चक्कर में मोदी जी के रील-रील खेलने पर और मोदी जी के योगा के वीडियो पर मत जाइए, मोदी जी बाकायदा बुजुर्ग हैं। छिहत्तर साल से ज्यादा के बुजुर्ग। और बुजुर्गों के सामने झुकना, यह तो हमारी संस्कृति है। और कुछ भी हो जाए, मोदी जी संस्कृति और धर्म के मामले में समझौता नहीं करने वाले हैं। वह तो शिक्षा में संस्कृति और धर्म को धंसाने के लिए, पूरी की पूरी नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति ही लाए हैं।
बेशक, इसे शिक्षा में धंधा घुसाने के लिए भी लाए हैं, पर उतना ही संस्कृति और धर्म धंसाने के लिए भी लाए हैं। जेन-ज़ी वालों को तो शुक्रगुजार होना चाहिए कि उनसे मंच पर चरण स्पर्श नहीं कराया गया, वर्ना परंपरा और संस्कृति तो उसकी भी है। और जो ज्यादा तेवर दिखाए, दक्षिणा में उसका अंगूठा काट लेने की भी।
हमें तो लगता है कि ये रील-वील बनाने से काम चलने वाला नहीं है। दिल्ली आईआईटी की तरह, जेन-जी को सशरीर दर्शन देने से भी नहीं और दर्शन के समय वैदिक मंत्रों का पाठ कराने से भी नहीं। अब मोदी जी को अपने मंदिर के बिहार वाले प्रस्ताव को फास्ट ट्रैक करना पड़ेगा। अब तो जब मोदी जी खुद भगवान बनेंगे, तभी ये जेन-ज़ी और जेन-वाई के तूफान थमेंगे।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और 'लोकलहर' के संपादक हैं।)