यमुनानगर से जालंधर गया कारोबारी का परिवार लापता, दंपती व दो बच्चों की तलाश जारी

यमुनानगर के जगाधरी थाना क्षेत्र से एक दंपती अपने दो बच्चों समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिवार 10 अगस्त को जालंधर में एक दोस्त की शादी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार के सदस्यों ने चार-पांच दिन में लौटने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी चारों वापस नहीं आए हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में काली माता मंदिर के पीछे अग्रवाल मेटल के पास रहने वाली बीना रानी ने पूरी जानकारी दी है। बीना रानी ने बताया कि उनका 39 वर्षीय बेटा राकेश कुमार स्टील सेल-प्रचेज का काम करता है। राकेश अपनी पत्नी पूजा रानी और बच्चों नौ वर्षीय मिनाक्षी तथा 14 वर्षीय मुकुल के साथ अलग रहता है।
दोस्त की शादी में जाने की बात कहकर निकले थे
परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त को राकेश अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था। उसने घर पर यह कहा था कि वह जालंधर में अपने एक दोस्त की शादी में जा रहा है। राकेश ने यह भी कहा था कि वह चार-पांच दिन में वापस लौट आएगा।
राकेश के चचेरे भाई वीरेंद्र कुमार ने उन्हें परिवार सहित जगाधरी बस स्टैंड तक छोड़ा था। बीना रानी के मुताबिक, कई दिन गुजरने के बाद भी जब परिवार वापस नहीं लौटा तब रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की गई।
बस स्टैंड छोड़ने गए भाई ने बताई बात
जब कोई जानकारी नहीं मिली तब पुलिस को इसकी सूचना दी गई। परिजनों ने राकेश और पूजा के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की बहुत कोशिश की, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले।
वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह राकेश को बस स्टैंड छोड़ने के लिए गया था। रास्ते में उसने राकेश से जालंधर जाने का कारण पूछा, लेकिन राकेश इस सवाल पर काफी नाराज हो गया। वीरेंद्र के अनुसार, उसने चारों को चंडीगढ़ जाने वाली बस में बैठा दिया था। इसके बाद से परिवार से किसी भी तरह का कोई संपर्क नहीं हो सका है।
पुलिस कर रही है तलाश
पुलिस अब इस मामले में परिवार की तलाश के लिए लगातार जुटी हुई है। पुलिस रिश्तेदारों, संभावित स्थानों और उपलब्ध तकनीकी माध्यमों से सभी जरूरी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल परिवार के अचानक संपर्क से बाहर होने का असली कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।