यमुनानगर में गोल्ड मेडलिस्ट छात्र से मारपीट के आरोप में स्कूल प्रिंसिपल पर केस दर्ज

यमुनानगर के जगाधारी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 11वीं कक्षा के छात्र एवं गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान कृष्णा शर्मा से कथित मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल मोहम्मद जावेद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई मेडिकल जांच रिपोर्ट, उपलब्ध दस्तावेजों और जिला न्यायवादी की कानूनी राय के बाद की है।
घटना की पूरी जानकारी
शिकायत के अनुसार जगाधारी निवासी 17 वर्षीय कृष्णा शर्मा 30 जुलाई 2026 को तेजली स्टेडियम में कुश्ती अभ्यास के बाद स्कूल पहुंचा था। उसे स्कूल पहुंचने में करीब 10 मिनट की देरी हो गई थी। आरोप है कि स्कूल गेट पर प्रिंसिपल ने उसे रोक लिया था। प्रिंसिपल ने छात्र को मैदान में झाड़ू लगाने और कूड़ा उठाने का आदेश दिया था।
छात्र द्वारा मना करने पर मारपीट
छात्र कृष्णा शर्मा द्वारा ऐसा करने से साफ मना कर दिया गया। इसके बाद प्रिंसिपल द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि छात्र के दोनों कानों पर कई थप्पड़ मारे गए और उसे धमकी भी दी गई थी। इस मारपीट के बाद उसके कान में गंभीर चोट लग गई और उसे सुनने में भारी परेशानी होने लगी। अस्पताल की एमएलआर तथा एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में हुई पीटीए जांच में कान की चोट की पुष्टि होने का दावा किया गया है।
कुश्ती प्रतियोगिता में नहीं ले सका हिस्सा
इस गंभीर चोट के कारण छात्र चार अगस्त को निर्धारित कुश्ती प्रतियोगिता में भी हिस्सा नहीं ले सका। परिजनों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद स्कूल में शिकायत करने पर उन्हें उचित सहायता नहीं मिली। शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत देने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब परिवार को अदालत का रुख करना पड़ा। मामले से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद कानूनी राय के आधार पर पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की गहराई से जांच कर रही है।