रेवाड़ी में योग सेवा समिति द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित, सांसद महेश कश्यप रहे मुख्य अतिथि

योग सेवा समिति, रेवाड़ी द्वारा रविवार को योग उद्यान, कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-3, रेवाड़ी में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य थीम “वृक्ष हमें देते हैं सब कुछ, हम भी तो उन्हें कुछ देना सीखें” रही। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के बस्तर लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद महेश कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में योग सेवा समिति के पदाधिकारियों द्वारा माननीय सांसद का जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में एडवोकेट परवीन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष, योग सेवा समिति के प्रधान रमेश मित्तल एवं समिति के अन्य गणमान्य सदस्यों द्वारा माननीय सांसद जी को पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रेखा गर्ग द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद प्रधान रमेश मित्तल ने सांसद महेश कश्यप का परिचय करवाते हुए उनके सामाजिक और सार्वजनिक जीवन की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वृक्षारोपण के धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पेड़ों को हमेशा पूजनीय और जीवन देने वाला माना गया है। वैज्ञानिक नजरिए से भी वृक्ष स्वच्छ हवा, पर्यावरण संतुलन और जैव-विविधता के लिए बहुत जरूरी हैं। इसके बाद मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने अपने बस्तर लोकसभा क्षेत्र और सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए पर्यावरण को बचाने की अपील की।
सांसद महेश कश्यप ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ हमें जीवन देने वाली ऑक्सीजन, छाया, फल-फूल और साफ पर्यावरण देते हैं, इसलिए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाना हमारा फर्ज है। संबोधन के बाद सांसद और सभी अतिथियों ने मिलकर पौधे रोपे और लोगों को पर्यावरण बचाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नवीन अदलखा ने सभी मेहमानों और नागरिकों का धन्यवाद किया। इस मौके पर चंद्र प्रकाश, श्रीचंद्र, परवीन सिंह, पूर्व पार्षद बलजीत सिंह, विजेंद्र सिंह, साविता झाम, पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंघल, चौधरी शीश राम, सविता झम्ब, रजनी जैन, निर्मल गर्ग, राधेश्याम मित्तल, सरदार कृपाल सिंह, चानन सिंह, महेंद्र मित्तल, शिव नारायण, दिनेश यादव, नरेश चुग, मुरारी लाल शर्मा, राम करण, महेश शर्मा, आरडब्ल्यूए प्रधान यशपाल यादव, सतरूप शर्मा, महेश वैध, अमरजीत यादव एडवोकेट, राज अरोड़ा, पुरुषोत्तम जी, ईश्वर जी डहीना वाले, गाथांजली सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और शहरवासी मौजूद रहे।