जींद में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला, नकदी और सोने की चेन छीनी, चार नामजद समेत 26 पर मामला दर्ज

जींद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। सफीदों सिनेमा मार्केट के निकट रंजिश के चलते युवक पर हमला कर घायल करने तथा सोने की चेन, नकदी छीनने और मोबाइल फोन तोड़ने का मामला दर्ज किया गया है। शहर थाना सफीदों पुलिस ने घायल की शिकायत पर चार युवकों को नामजद कर 22 अन्य के खिलाफ विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पीडि़त का आरोप है कि एक माह पहले झगड़ा हुआ था। मामले में समझौता भी हो गया था और अब इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
सफीदों निवासी केशव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है। केशव ने बताया कि गांव बुटानी निवासी देवेंद्र व उसके साथियों से पार्टी के दौरान कुछ समय पहले झगड़ा हो गया था। बाद में उनका आपस में समझौता हो गया था। गत तीन सितंबर को आरोपित उसके भाई के कार्यालय पर आए थे। आरोपितों ने उसके भाई से हुक्का भरने के लिए कहा था। उसके भाई द्वारा मना करने पर आरोपितों ने उसके भाई के साथ गाली गलौज की। इसके बाद आरोपितों ने उसे वहां से भगा दिया था।
सिनेमा मार्केट के निकट दिया वारदात को अंजाम
शाम के समय वह अपने पिता के कहने पर 23500 रुपये देने जा रहा था। सिनेमा मार्केट के निकट आरोपित देवेंद्र ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया। आरोपितों ने उसे घेरकर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में उसे काफी चोटें आई हैं। आरोपितों ने मारपीट करते हुए उसकी उंगली तोड़ डाली। आरोपितों ने उस से नगदी छीन ली और उसके गले से सोने की चैन तोड़ ली। आरोपितों ने उसके मोबाइल फोन को भी पूरी तरह से तोड़ डाला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
शहर थाना सफीदों पुलिस ने केशव की शिकायत पर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने गांव बुटानी निवासी देवेंद्र, प्रवीन, संजय और सफीदों निवासी अमित को नामजद किया है। इसके अलावा 22 अन्य के खिलाफ मारपीट करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
रविवार को मामले की जानकारी देते हुए शहर थाना सफीदों की जांच अधिकारी मंजू ने बयान दिया है। जांच अधिकारी मंजू ने बताया कि पीडि़त युवक ने कुछ युवकों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।