कल वे कहेंगे कि देश में कोविड-19 से कोई मौत नहीं हुई-सत्येंद्र जैन

कल वे कहेंगे कि देश में कोविड-19 से कोई मौत नहीं हुई-सत्येंद्र जैन
यह कहना बिल्कुल ग़लत कि ऑक्सीजन की कमी के कारण कोई मौत नहीं हुईः दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री

नयी दिल्लीः दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान दिल्ली में और देश में कई अन्य स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी के कारण कई लोगों की जान गई.उन्होंने कहा, ‘अगर ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी तो अस्पताल अदालत क्यों गए? अस्पताल और मीडिया रोज ऑक्सीजन की कमी के मुद्दे उठा रहे थे. टेलीविजन चैनलों ने दिखाया कि कैसे अस्पतालों में जीवनदायिनी गैस की कमी थी. यह कहना बिल्कुल गलत है कि ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी की जान नहीं गई. दिल्ली तथा देश में कई अन्य स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी के कारण कई लोगों की मौत हुई है.’दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस तरह की मौतों को लेकर कोई डेटा नहीं मांगा था. हालांकि, दिल्ली सरकार ने समिति का गठन कर खुद से इन आंकड़ों का पता लगाने की कोशिश की थी.उन्होंने आरोप लगाया, ‘दिल्ली सरकार ने इस तरह की मौतों का पता लगाने के लिए एक समिति का गठन किया था और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि दी थी, लेकिन केंद्र ने उपराज्यपाल के जरिये इस समिति को भंग कर दिया.’जैन ने कहा, ‘वरना हमारे पास दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ चुके लोगों की मौत का सटीक आंकड़ा होता. मुझे लगता है कि केंद्र ने समिति को इस वजह से भंग किया, ताकि वह कह सके कि ऑक्सीजन संकट से किसी की मौत नहीं हुई.’उन्होंने कहा, ‘केंद्र सरकार ऑक्सीजन की कमी से अपनों को खो चुके लोगों के घाव पर नमक लगाने का काम कर रही है. कल वे कहेंगे कि देश में कोविड-19 से कोई मौत नहीं हुई.’दरअसल केंद्र सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया था कि राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी के कारण कोई मौत नहीं हुई.

Tomorrow they will say that there is no death due to Kovid-19 in the country – Satyendra Jain
Absolutely wrong to say that no death occurred due to lack of oxygen: Delhi Health Minister
