नशे से उबरकर नई जिंदगी: निखिल की प्रेरणादायक यात्रा

Atal Hind Team Online8 September 20263 min read29 viewsभारत
नशे से उबरकर नई जिंदगी: निखिल की प्रेरणादायक यात्रा

मुश्किल परिस्थितियों से उबरकर नई जिंदगी की ओर: निखिल की स्वस्थ और बेहतर भविष्य की प्रेरणादायक यात्रा

नई दिल्ली / 8 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

नशे की लत से उबरने का हर सफर साहस, उम्मीद और बदलाव की एक नई शुरुआत से जुड़ा होता है। सही समय पर मिली देखभाल और निरंतर सहयोग के साथ, नशीले पदार्थों से प्रभावित व्यक्ति अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर ला सकते हैं, अपना खोया हुआ आत्मविश्वास वापस पा सकते हैं और एक बेहतर व सार्थक भविष्य की ओर बढ़ सकता है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

केरला के पथानामथिट्टा जिले के रहने वाले 30 वर्षीय निखिल एच. (बदला हुआ नाम) एक दृढ़-निश्चय वाले व्यक्ति हैं, जिनका सपना हमेशा से एक स्थायी नौकरी पाना, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना और अपने परिवार के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना रहा है। हाई-स्कूल तक पढ़े-लिखे और पार्ट-टाइम काम करने वाले निखिल बचपन से ही कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद अपने हालातों को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।

निखिल ने महज चार साल की उम्र में अपने पिता को खो दिया था। इसके बाद, उनकी माँ ने परिवार के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी संभाली। माँ की हिम्मत और लगन को देखकर निखिल के भीतर जिम्मेदारी की एक मजबूत भावना पैदा हुई, जिसने उन्हें अपने परिवार की बेहतरी में हाथ बँटाने के लिए प्रेरित किया। हालाँकि, ज़िंदगी के आगे के कठिन मोड़ और व्यक्तिगत चुनौतियों के चलते वे नशे की गिरफ्त में आ गए, जिससे उनका स्वास्थ्य और पूरा जीवन प्रभावित हुआ।

मदद की जरूरत को समझते हुए, निखिल ने नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन (एनएपीडीडीआर) यानी मादक पदार्थों की मांग में कमी के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत पथानामथिट्टा स्थित गांधीभवन इंटीग्रेटेड रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर एडिक्ट्स (आईआरसीए) से सहायता प्राप्त की। 17 मई 2025 से शुरू होकर, उन्हें निःशुल्क आवासीय नशामुक्ति उपचार, मनोवैज्ञानिक परामर्श और पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध कराई गई।

इस केंद्र में मिले अनुशासित और सहयोगपूर्ण माहौल ने निखिल को नशे की निर्भरता से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने और उनसे उबरने में मदद की। नियमित परामर्श, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और संस्थागत देखभाल के सहारे उन्होंने तनाव और मुश्किल परिस्थितियों से निपटने के स्वस्थ तरीके सीखे, अपना खोया आत्मविश्वास वापस पाया और धीरे-धीरे सुधार की राह पर आगे बढ़ते गए।

आज निखिल अपनी नशामुक्ति की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं और दोबारा नशे की चपेट में आने से पूरी तरह बचे हुए हैं। उनकी यह यात्रा उनके धैर्य, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक बदलाव को अपनाने की इच्छाशक्ति की मिसाल है। नए आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य के साथ अब वह एक स्थायी रोजगार हासिल करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और अपने तथा अपने परिवार के लिए एक खुशहाल और बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

निखिल का यह बदलाव दिखाता है कि समय पर मिला उपचार, संवेदनशील परामर्श और एनएपीडीडीआर के तहत निरंतर पुनर्वास सहयोग किस तरह नशे की निर्भरता से जूझ रहे लोगों को उससे उबरने और सम्मान, उम्मीद और नए उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने में मदद कर सकता है।

Share:

Comments

Leave a comment