यूट्यूब वीडियो देख वारदात को अंजाम दिया

Atal Hind9 February 20264 min read1 viewsगुरुग्राम
यूट्यूब देख हत्या की प्लानिंग तथा हत्या के बाद पुलिस से बचने की साजिश
आरोपी व उसके आरोपी साथी को गिरफ्तार कर सुलझाई ब्लाईंड मर्डर की गुत्थी
मौसी के लड़के की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी – सहआरोपी दबोचे
14 साल पुराना व्यवसायिक विवाद बना हत्या किया जाने का मुख्य कारण
वारदात की रेकी के लिए मुख्य आरोपी ने दिए थे सह आरोपी को 10 लाख रुपए
आरोपियों की पहचान  गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा व अनिल के रूप में हुई
फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 13 जनवरी । 6 जनवरी 2026 को पुलिस थाना सैक्टर-10 की पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर-37 डी रामा पार्क के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम की टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर उपस्थित ईआरवी टीम द्वारा घायल व्यक्ति को तुरंत सिविल अस्पताल, सेक्टर-10, गुरुग्राम ले जाया गया । पुलिस टीम द्वारा पुलिस की सीन-ऑफ-क्राइम, डॉग-स्क्वाड एवं फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का गहन निरीक्षण कराया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों द्वारा उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।
जिला पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक पुलिस द्वारा मृतक के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम करवाया गया। इसी दौरान मृतक के बेटे द्वारा लिखित शिकायत दी गई, जिसमें बताया गया कि मृतक उसके पिता संजय शर्मा (उम्र 50 वर्ष), निवासी बसई इंक्लेव पार्ट-2, गुरुग्राम है। इसके पिता (मृतक) 6 जनवरी को कार में सवार होकर अपनी कैंटीन सेक्टर-34, गुरुग्राम के लिए निकले थे। रास्ते में रामा पार्क, सेक्टर-37 डी के पास किन्ही अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में हत्या से संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
इंस्पेक्टर जयबीर, इंचार्ज अपराध शाखा पालम विहार, गुरुग्राम के नेतृत्व में तथा अभियोग के अनुसंधानकर्ता उप-निरीक्षक अंकित व गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार करके इस ब्लाईंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा (उम्र-56 वर्ष) निवासी गांव डहकोरा, जिला रोहतक (हरियाणा), 2.  अनिल (उम्र 48 वर्ष), निवासी गांव कंडोरा, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी गुरुदत्त शर्मा 10 जनवरी को देहरादून (उत्तराखंड) से गिरफ्तार करके 11 जनवरी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 04 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। वहीं आरोपी अनिल को 12. जनवरी को मुजफ्फरनगर, उत्तर-प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
पहले गाड़ी को टक्कर,  फिर गोली भी मारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आरोपी गुरुदत्त शर्मा, देहरादून में कैफे चलाता है तथा मृतक संजय शर्मा इसकी (गुरूदत्त) मौसी का लड़का था। दोनों का वर्ष 2011-12 तक क्रेशर बजरी का संयुक्त व्यवसाय था, जो आपसी मनमुटाव के चलते बंद हो गया था। इसी रंजिश के चलते दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ था। इसने अपने उपरोक्त साथी आरोपी अनिल एवं अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मृतक की रेकी करवाई और पूर्व नियोजित योजना के तहत 6 जनवरी 2026 को रामा पार्क, सेक्टर-37डी के पास मृतक की गाड़ी को टक्कर मारी। जब मृतक गाड़ी से नीचे उतरा तो इसने (गुरुदत्त) गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
यूट्यूब वीडियो देख पूरी वारदात को अंजाम दिया
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में यह भी खुलाशा किया कि उपरोक्त वारदात को अंजाम देने की योजना ये काफी समय से बना रहे थे। आरोपी गुरुदत्त शर्मा, आरोपी अनिल को पिछले लगभग 10 वर्षों से जानता था। आरोपी अनिल, मुजफ्फरनगर में प्राइवेट बस चालक के रूप में कार्य करता है। गुरुदत्त शर्मा ने हत्या की वारदात को अंजाम देने व रेकी के लिए आरोपी अनिल को 10 लाख रुपये दिए थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि हत्या की योजना बनाने एवं वारदात के बाद पुलिस से बचने के तरीकों के लिए इन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर जानकारी प्राप्त की और प्राप्त जानकारी के अनुसार साजिश रची। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से अभियोग में गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment