स्वीडन के इंग्का सेंटर्स के आइकिया प्रोजेक्ट निर्माण का शुभारंभ
स्वीडन के इंग्का सेंटर्स के आइकिया प्रोजेक्ट निर्माण का शुभारंभ

फतह सिंह उजाला
गुरूग्राम । हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को गुरूग्राम में स्वीडन के इंग्का सेंटर्स के उत्तर भारत में पहले आइकिया ‘मिक्सड यूज कॉमर्शियल प्रोजेक्ट‘ का भूमि पूजन कर इसके निर्माण का शुभारंभ किया। लगभग 3500 करोड़ रूपए के निवेश से बनने वाले मिश्रित उपयोग वाले इस आइकिया प्रोजेक्ट का निर्माण गुरूग्राम के सेक्टर 47 में होगा। स्वीडन के भारत में राजदूत क्लास मोलिन भी इस मौके पर उपस्थित रहे।
सीएम ने हरियाणा को कर्म की भूमि, संभावनाओं और समृद्धि की भूमि बताते हुए यहां पर इंग्का सेंटर्स और आइकिया प्रोजेक्ट का हरियाणा में आने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट उत्तर भारत तथा इस क्षेत्र के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक विश्व स्तरीय रिटेल एवं लेजर गणतव्य होगा। इससे निवेश के साथ-साथ रोजगार और व्यापार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में ‘ईज ऑफ डूईंग बिजनेस‘ को संभव बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठा चुकी है और यह प्रोजेक्ट इस क्षेत्र के लिए हमारी विकास योजनाओं का एक और प्रमाण है।