दादी बच्चों को स्कूल छोडने गई थी, बेटा सामान लेने दुकान गया था
केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दर्दनाक मौत पर गहरा दुख जता शोक संतप्त परिवार का ढांढस बंधाया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर पीडि़त परिवार के परिजनों से मुलाकात कर हादसे के बारे में जानकारी ली।
नरवाना 31 जनवरी (नरेन्द्र जेठी)
नरवाना में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में घर के अंदर मौजूद महिला और उसकी दो वर्षीय मासूम बेटी मलबे में दब गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी अनुसार मृत बच्ची का नाम मायरा और उसकी मां का नाम ऊषा है। महिला की उम्र करीब 26 साल है। उषा का पति आशीष पेंटर का काम करता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। महिला की सास अपनी दो पोतियों को स्कूल छोडऩे गई हुई थीं। परिवार के तीन बच्चों में से दो बच्चे स्कूल गए हुए थे, जिससे वे इस हादसे से सुरक्षित बच गए। महिला का पति आशीष उस समय बाजार से सामान लेने गया हुआ था। रास्ते में उसे सूचना मिली कि घर की छत गिर गई है। यह खबर सुनते ही वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचा। पत्नी उषा और बेटी मायरा की मौत की खबर सुनकर उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल छत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मकान पुराना बताया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। परिजनों के अनुसार पीडि़त परिवार काली माता मंदिर के नजदीक गांधीनगर कॉलोनी में पिछले करीब दस साल से किराए के मकान में रह रहा है। उन्होंने आगे बताया कि परिवार में बूढ़े माता-पिता पूत्र व मृतका पूत्र वधू और तीन बेटियां रह रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जर्जर हुए मकान की अचानक छत गिर गई।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने छत के नीचे दबने से महिला एवं बेटी की हुई दर्दनाक मौत पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवार का ढांढस बंधाया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने शनिवार सुबह नागरिक अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार के परिजनों से मुलाकात की और हादसे के बारे में जानकारी ली। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने पीडि़त परिवार की व्यथा जानी और गहरा शोक प्रकट किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गरीब परिवार पर दुख का पहाड़ टूटा है जो असहनीय है। ऐसी दुखद घटना व्यक्ति एवं पूरे परिवार को झकझोर कर रख देती है।
कैबिनेट मंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी अनहोनी परमात्मा किसी के साथ ना करें। उन्होंने बताया कि वे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जन समस्याएं सुन रहे थे तभी उन्हें छत गिरने और उसके नीचे मासूम बेटी सहित महिला के दबने की दुखद सूचना मिली, तभी उन्होंने टेलीफोन पर एसएमओ से संपर्क किया और पीडि़तों की मदद के लिए बोला। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जन समस्या सुनवाई कार्यक्रम बीच में छोडक़र वे तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें अत्यंत दुखद जानकारी मिली कि उषा व उसकी मासूम बेटी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। कैबिनेट मंत्री ने शोका कुल परिवार को सम्भल देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे व्यक्तिगत रूप से परिवार के साथ है। कैबिनेट मंत्री ने मृतका मा व बेटी की आत्मा की शांति तथा पीडि़त परिजनों को दुख की इस घड़ी से उभरने की शक्ति देने के लिए परमात्मा से दुआ की।


