बाबैन, 10 मार्च (सुरेश अरोड़ा) :
भारतीय किसान यूनियन (चढूंनी) के आह्वान पर आज बाबैन में किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करने के अलावा ट्रैक्टर मार्च भी निकाला। भाकियू चढूंनी के जिला अध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा के नेतृत्व में सैकड़ों किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ बाबैन पहुंचे और शहर की मुख्य सडक़ों पर मार्च निकालते हुए केंद्र व अमरीका सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ट्रैक्टर मार्च के दौरान किसानों में भारी रोष देखने को मिला। किसानों ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह मार्च बाबैन की मुख्य सडक़ों से होता हुआ सुनारियों चौक तक पहुंचा, जहां किसानों ने भाकियू के जिलाध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा के नेतृत्व में विरोध स्वरूप भारत-अमेरिका ट्रेड डील की प्रतियों को जलाकर अपना विरोध जताया।
भाकियू चढूंनी के जिला अध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से देश के किसानों और मजदूरों के हितों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है जिसके चलते केन्द्र सरकार को तुरंत डील को रद्द कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस डील के माध्यम से भारत में विदेशी कंपनियों और उनके उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे देश के किसानों की फसल और उत्पादों को उचित दाम मिलने में दिक्कतें आएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका खेती पर निर्भर है और यदि ऐसी नीतियां लागू की जाती हैं, तो इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस डील से होने वाले नुकसान को देखते हुए किसान इस डील का लगातार विरोध कर रहे हैं और सरकार से इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
कृष्ण कलाल माजरा ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन चढूंनी द्वारा किसानों और मजदूरों के विभिन्न मुद्दों को लेकर 23 मार्च को पीपली अनाज मंडी में विशाल किसान-मजदूर जनक्रांति रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में देश व प्रदेश से हजारों किसान और मजदूर भाग लेंगे। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में 23 मार्च को पीपली अनाज मंडी पहुंचकर इस रैली को सफल बनाएं, ताकि किसानों और मजदूरों की आवाज बुलंद हो सके। ट्रैक्टर मार्च के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि इस डील को लेकर जब तक सरकार सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर भाकियू के ब्लॉक प्रधान सतबीर घिसरपडी, युवा ब्लॉक प्रधान मनीष कुमार रामसरन माजरा, ब्लॉक सलाहकार रमेश मंगोली, अजैब राणा, गुरबाज सिंह, कर्मजीत राणा, शीशपाल मंगोली, गुरबख्श बड़तोली, जरनैल रामपुरा, गुरदयाल सूरजगढ़, सुखविंदर भूखड़ी, जय कुमार, विनोद कुमार, सोहन लाल कलाल माजरा, कर्मवीर मंगौली, ईश्वर सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
Add A Comment


