तरावड़ी, 10 मार्च (रोहित लामसर)।
ग्रामीण तबके के सरकारी स्कूलों के छात्र भी अब खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समानाबाहु के विद्यार्थियों ने पेश किया है, जिनका राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है। इन प्रतिभावान खिलाड़ियों के सम्मान में स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां गांव समानाबाहु की सरपंच कर्मजीत कौर ने बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूल के विद्यार्थियों का कुल 52 स्थानों पर राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ था। इन खिलाड़ियों ने बेसबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। इनमें से पांच खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी हुआ, जो स्कूल और गांव के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच कर्मजीत कौर ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्य ऊषा देवी ने बताया कि स्कूल के विद्यार्थियों ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें रखनीत कौर (कक्षा 12वीं) सिया (कक्षा 12वीं) और एकता (कक्षा 10वीं) शामिल हैं। इसके अलावा अंडर-14 वर्ग में अमर कौर और आशीष का चयन हुआ। इन खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
प्रधानाचार्य ऊषा देवी और सरपंच कर्मजीत कौर ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी 15 अगस्त के अवसर पर इन प्रतिभावान खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों और पढ़ाई में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। इस अवसर पर स्कूल के पीजीटी फिजिकल एजुकेशन पंकज कुमार और पीटीआई पिंकी देवी ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन को दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की लगन और नियमित अभ्यास के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है।


