तरावड़ी के सरकारी अस्पताल में गंदगी के ढेर, मच्छरों और जहरीले जीवों से बढ़ा खतरा
पिछले हिस्से में लंबे समय से नहीं हुई सफाई, आसपास के लोगों ने उठाई आवाज
तरावड़ी, 15 मार्च (रोहित लामसर)।
तरावड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में फैली गंदगी अब मरीजों और स्टाफ के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। अस्पताल के पिछले हिस्से में लंबे समय से सफाई न होने के कारण कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जबकि खाली पड़ी जगह में कांग्रेस घास और झाड़ियां उग आई हैं। इसके चलते परिसर में मच्छरों की भरमार हो गई है और जहरीले जीव-जंतु पैदा होने का भी खतरा बना हुआ है। अस्पताल के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय निवासी कुलदीप जांगड़ा, रविंद्र कुमार, अश्विनी, आत्म प्रकाश और नीटू ने बताया कि अस्पताल के पीछे काफी समय से सफाई नहीं हुई है। गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू का माहौल बना रहता है और अस्पताल की चारदीवारी के बाहर खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि खाली पड़ी जमीन में कांग्रेस घास और अन्य झाड़ियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। यह स्थिति अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि अस्पताल परिसर में पुराने नीम के पेड़ लगे हुए हैं, जो स्वच्छ माहौल होने पर मरीजों के लिए खुली हवा में टहलने का बेहतर स्थान बन सकते हैं। यदि इस जगह की नियमित सफाई करवाई जाए तो न केवल वातावरण स्वच्छ रहेगा बल्कि मरीजों को भी राहत मिलेगी। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि परिसर की जल्द से जल्द सफाई करवाई जाए ताकि गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा न बढ़े।
बॉक्स
जल्दी करवाई जाएगी सफाई : एसएमओ
इस मामले में अस्पताल के एसएमओ डॉ. कैलाश गर्ग का कहना है कि पीछे की दीवार के साथ रहने वाले कुछ लोग पशुओं का गोबर परिसर में डाल देते हैं, जिसके कारण वहां गंदगी हो जाती है। उन्होंने बताया कि दूसरे हिस्से की सफाई के लिए कर्मचारियों को पहले भी निर्देश दिए जा चुके हैं और सोमवार को टीम लगाकर पूरे क्षेत्र की सफाई करवाई जाएगी।
Add A Comment


