अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को गुरुग्राम पुलिस का “DIGITAL SAHELI” गिफ्ट
एंटी डीपफेक व सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पॉन्स सेल ‘डिजिटल सहेली’ की स्थापना
8 महिला पुलिसकर्मियों की टीम 24 x 7 रहेगी इस हेल्पलाइन पर तैनात
हेल्पलाइन नंबर 9999981002 पर महिलाएं दर्ज करवाएं साइबर अपराध संबंधित शिकायतें
महिलाओं की डिजिटल सुरक्षा हेतु गुरुग्राम पुलिस की बड़ी पहल
गोपनीय रखी जाएगी पीड़ित/शिकायतकर्ता की पहचान
इस सेल के द्वारा किसी भी प्लेटफॉर्म पर महिलाओं की अवांछित मार्फेड फोटो/वीडियो और अन्य डिटेल्स को कम से कम समय में हटवाया जाएगा
फतह सिंह उजाला
मानेसर 06 मार्च । महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में गुरुग्राम पुलिस निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में श्री विकास कुमार अरोड़ा , पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशन में महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रीत फाउंडेशन के सहयोग से महिला थाना सैक्टर-51, गुरुग्राम में विशेष सेल *“डिजिटल सहेली”* की स्थापना की गई है।गुरुवार को विकास कुमार अरोड़ा पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम द्वारा “डिजिटल सहेली” सेल का शुभारंभ किया गया।
यह सेल एंटी-डीपफेक व सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट के रूप में कार्य करेगी, जो डीपफेक दुरुपयोग, सेक्सटॉर्शन तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली विभिन्न प्रकार की यौन हिंसा से पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता प्रदान करेगी। यदि किसी महिला की फोटो/वीडियो को आपत्तिजनक रूप में एडिट, मॉर्फ या सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाता है तो पीड़िता मोबाइल नंबर “9999981002” पर संपर्क कर या साइबर क्राइम शिकायत के माध्यम से इस सेल तक अपनी शिकायत पहुँचा सकती है जिस पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
“डिजिटल सहेली प्लेटफॉर्म” सुरक्षित, गोपनीय और जवाबदेह डिजिटल रिपोर्टिंग सुविधा उपलब्ध कराता है, जहाँ पीड़िताओं को कानूनी सहायता के साथ-साथ काउंसलिंग, मानसिक देखभाल और भावनात्मक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आत्मविश्वास व सम्मान के साथ पुनः सामान्य जीवन जी सकें। गुरुग्राम पुलिस का संदेश स्पष्ट है — आप अकेली नहीं हैं मदद, सुरक्षा और न्याय यहीं से शुरू होते हैं। इस दौरान कार्यक्रम में डॉ अर्पित जैन IPS, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, गुरुग्राम, श्री गौरव राजपुरोहित I, पुलिस उपायुक्त पूर्व, गुरुग्राम, गुरुग्राम पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
Add A Comment


