नरवाना 8 अप्रैल (नरेन्द्र जेठी)
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नरवाना के प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ द्वारा जिला रोजगार कार्यालय जींद के सहयोग से 10 अप्रैल 2026 को संस्थान परिसर में विशेष रोजगार चयन शिविर आयोजित किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया में माशु ब्रेक्स लिमिटेड ,साई फास्टनर तथा लिक्सिल विंडो सिस्टम्स जैसी प्रतिष्ठित जापानी एवं राष्ट्रीय कंपनियाँ भाग लेंगी। यह आयोजन युवाओं को उद्योगों से जोडक़र उन्हें बेहतर एवं स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
माशु ब्रेक्स लिमिटेड द्वारा रोहतक तथा बहादुरगढ़ स्थित इकाइयों के लिए कुल 100 पदों पर चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से 17,500 रुपये प्रतिमाह सकल वेतन प्रदान किया जाएगा, जिसमें लगभग 15,500 रुपये हाथ में प्राप्त होंगे। इसके अतिरिक्त भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, 26 दिन पूर्ण उपस्थिति पर 2,000 रुपये प्रोत्साहन राशि, भोजन, वर्दी तथा अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। छह माह की सेवा पूर्ण होने पर सकल वेतन बढ़ाकर 19,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया जाएगा।
साई फास्टनर द्वारा रोहतक स्थित इकाई के लिए फिटर, टर्नर तथा मशीनिस्ट व्यवसायों में 50 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को 8 घंटे कार्य अवधि हेतु 13,000 रुपये प्रतिमाह सकल वेतन दिया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, बोनस, अवकाश, भोजनालय, वर्दी, जूते तथा बस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। लिक्सिल विंडो सिस्टम्स) द्वारा ऑनलाइन माध्यम से मानेसर स्थित इकाई के लिए 8 स्थायी पदों पर चयन किया जाएगा। स्थायी पदों हेतु सभी व्यवसायों के आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 18,745 रुपये प्रतिमाह सकल वेतन, 8 घंटे कार्य अवधि, 2 लाख रुपये का चिकित्सीय बीमा, सेवा उपदान, भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा तथा मकान किराया भत्ता जैसी सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योगों से जोडक़र उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस चयन प्रक्रिया में आईटीआई के सभी व्यवसायों के साथ-साथ 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण, 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक एवं युवतियाँ भी भाग ले सकते हैं। उन्होंने सभी योग्य अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक प्रमाण-पत्रों सहित समय पर उपस्थित होकर इस सुनहरे अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ।


