मिट्टी के नीचे दबने से 07 श्रमिकों की मृत्यु और 04 घायल
सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी, सिधरावली में कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी गिरी
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मिट्टी में दबे हुए श्रमिकों को बाहर निकाला गया
पुलिस, प्रशासन,राज्य व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के साथ मिल कर रेस्क्यू
फतह सिंह उजाला /पटौदी/गुरुग्राम 10 मार्च ।
सोमवार को सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी, सिधरावली में शाम लगभग 07 बजे कंस्ट्रक्शन कार्य के दौरान अचानक मिट्टी गिरने की घटना हो गई, जिसके कारण वहां कार्य कर रहे कई मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। उपरोक्त सूचना प्राप्त होने पर पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिनके द्वारा पुलिस और प्रशासन के साथ मिल कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया जो रात लगभग 03:30 बजे तक जारी रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मिट्टी में दबे हुए व्यक्तियों को बाहर निकाला गया और नजदीकी हस्पताल भिजवाया गया। जिनमें से 07 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा 04 व्यक्ति घायल पाए गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मृतक व्यक्तियों का विवरण निम्न प्रकार से है-
शिवशंकर निवासी बनिहारा झारखंड, परमेश्वर मेहटो निवासी होन्डई झारखंड, मंगल मेहटो निवासी हाथी बिन्दा झारखंड, भागीरथ गोपे निवासी पोहिता, जमशेदपुर झारखंड, सतीश निवासी बुरका जडथल नगर, भरतपुर राजस्थान, संजीव गोपे निवासी पोहिता, जमशेदपुर झारखंड, धनंजय मेहटो निवासी होन्डई झारखंड। इनके अतिरिक्त घायल व्यक्तियों का विवरण निम्न प्रकार से है – इन्द्रजीत निवासी नेपाल, छोटेलाल निवासी नेपाल, शिवकाम चौधरी निवासी नेपाल, दीनदयाल शर्मा निवासी बांदीकुई ।
जिला पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक पुलिस की टीम के द्वारा मृतक व घायल व्यक्तियों के परिजनों से संपर्क किया गया है। तथा उन्हें घटना के संबंध में सूचित किया गया है।आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। परिजनों के आने पर उनसे शिकायत प्राप्त करके मामले में अभियोग अंकित करके कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और घटना के जिम्मेवार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
मृतक सतीश के भाई की शिकायत पर मजदूरों की मौत के मामले में मामला दर्ज
मार्च सोमवार को पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम को सूचना प्राप्त हुई कि सिग्नेचर ग्लोबल कम्पनी, सिद्धरावली क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान एसटीपी प्लांट के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने से कई मजदूर दब गए हैं के संबंध में प्राप्त हुई । उपरोक्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौका घटनास्थल (सिग्नेचर ग्लोबल कम्पनी, सिद्धरावली) पर पहुंची और अन्य लोगों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल, भिवाड़ी भिजवाया गया।
मौके से निकाले गए मजदूरों को सरकारी अस्पताल भिवाड़ी व गीतांजलि अस्पताल भिवाड़ी (राजस्थान) में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमार, संजीव गोपे, भागीरथ गोपे, मंगल चंद्र महतो, रंजीत महतो, परमेश्वर महतो व सतीश* को मृत घोषित कर दिया, जबकि इन्द्रजीत, छोटेलाल, शिवकाम चौधरी व अन्य घायल अवस्था में अस्पताल में उपचाराधीन पाए गए। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई तथा शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी गुरुग्राम भिजवाया गया।

इस हृदय विधायक घटना के बाद मंगलवार को मृतक सतीश के भाई द्वारा पुलिस को एक लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के माध्यम से बताया कि सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी में एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी (BICPL) द्वारा किया जा रहा था। जहां गहरा कच्चा गड्ढा खोदकर मजदूरों से काम कराया जा रहा था। शिकायत में बताया कि ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स कंपनी, बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी (BICPL), दीनदयाल शर्मा उर्फ डी डी शर्मा (ठेकेदार), दिनेशवीर (प्रोजेक्ट इंचार्ज), विकास पांडे (साइट स्ट्रक्चर इंचार्ज) व सेफ्टी इंचार्ज ऑफिसर द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम व सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण मिट्टी धंसने से यह हादसा हुआ और इसके भाई व अन्य मजदूरों की मौत हो गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया है। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में आगामी कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है।
जांच कमेटी की गठित
दिल्ली जयपुर नेशनल हाईवे पर मौजूद गांव सिधरावली में सोमवार रात सिग्नेचर ग्लोबल प्रोजेक्ट में दीवार गिरने की गंभीर घटना के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि इस दुर्घटना में सात श्रमिकों की मौत तथा चार घायल हुए। डीसी अजय कुमार ने मामले की जांच के लिए एसडीएम मानेसर की अध्यक्षता में अधिकारियों की एक समिति का गठन किया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर एक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
कमेटी में यह अधिकारी शामिल
गठित समिति में मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सहायक पुलिस आयुक्त, पटौदी, जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), गुरुग्राम तथा कार्यकारी अभियंता-II, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), गुरुग्राम को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

एसडीएम मानेसर दर्शन पहुंचे घटना स्थल पर
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि समिति घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर जिम्मेदारी तय करेगी और अपनी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करेगी। इससे पहले मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव ने मंगलवार को घटना स्थल का भी दौरा किया और घटना स्थल पर विभिन्न पहलुओं की जांच की।
Add A Comment


