नरवाना 24 फरवरी (नरेन्द्र जेठी)
आयुष ग्राम सुलेहड़ा में आयोजित की जाने वाली प्रतिमाह स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों की श्रृंखला के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) सुलेहड़ा के तत्वावधान में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश कुमार के नेतृत्व में गांव सुलेहड़ा में डोर-टू-डोर स्वास्थ्य वर्धक औषधि वितरण अभियान चलाया गया। जन सेवा समिति सुलेहड़ा के सहयोग से संचालित इस विशेष अभियान के दौरान ग्रामीणों को घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई तथा नेत्र ज्योति वर्धक एवं रक्त अल्पता (खून की कमी) को दूर करने हेतु आयुर्वेदिक औषधि सप्तामृत लौह का वितरण किया गया। अभियान के दौरान डॉ. योगेश कुमार ने ग्रामीणों को आयुर्वेद के अनुसार संतुलित आहार, दिनचर्या, नेत्रों की देखभाल तथा खून की कमी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सप्तामृत लौह आयुर्वेद की एक महत्वपूर्ण औषधि है, जो आंखों की रोशनी बढ़ाने, नेत्रों की कमजोरी दूर करने तथा शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी को पूरा करने में सहायक होती है। नियमित सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है। उन्होंने ग्रामीणों को यह भी प्रेरित किया कि वे अपने दैनिक जीवन में पौष्टिक आहार, हरी सब्जियां, फल तथा आयुर्वेदिक जीवनशैली को अपनाकर स्वस्थ रह सकते हैं।
डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक आयुष सेवाओं का लाभ पहुंचाना, आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाना है। आयुष विभाग का प्रयास है कि ग्रामीणों को नजदीक स्तर पर ही नि:शुल्क परामर्श और औषधि उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर जन सेवा समिति के सचिव रमेश कुमार, सुरेश नैन, मोहित एवं सरपंच प्रतिनिधि सतबीर का विशेष सहयोग रहा। आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट जयपाल तथा पार्ट टाइम वर्कर चरण सिंह ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने आयुष विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से गांव के लोगों को काफी लाभ मिल रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान आयोजित किए जाने चाहिए। अंत में डॉ. योगेश कुमार ने सभी सहयोगियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से आगे भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य वर्धक औषधि वितरण कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।


