रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत से आम जनता बेहद परेशान : कंवरदीप सैनी
बाबैन, 13 मार्च (सुरेश अरोड़ा)
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष कंवरदीप सैनी ने देशभर में रसोई गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कमी के कारण आम लोगों को बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कंवरदीप सैनी ने कहा कि कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। बुकिंग कराने के बाद भी लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एक समय उज्ज्वला योजना के तहत घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे करती थी, लेकिन वर्तमान में स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि आज लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है, फिर भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। केवल घरेलू गैस ही नहीं बल्कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भी भारी किल्लत देखी जा रही है, जिससे आम परिवारों के साथ-साथ छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कंवरदीप सैनी ने आरोप लगाया कि सिलेंडर की कमी का सबसे ज्यादा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। देशभर में होटल, ढाबा संचालक और रेहड़ी-पटरी वाले गैस सिलेंडर पर निर्भर हैं, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से उनका काम प्रभावित हो रहा है और उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि गैस की यह किल्लत भाजपा सरकार की नीतियों की विफलता का जीता-जागता उदाहरण है। कंवरदीप सैनी ने सरकार से मांग की कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और गैस आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता और छोटे व्यवसायियों को राहत मिल सके।
Add A Comment


