अवैध कॉलोनी में सड़के उखाड़ी, ब्लॉक तोड़े, मकानों की नींव तक ढहाई, हर महीने चलेगा अभियान
तरावड़ी, 11 मार्च (रोहित लामसर)।
शहर के अंजनथली रोड पर गुगा माड़ी के सामने पहलवान कॉलोनी के पास अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनी पर जिला योजनाकार विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीले पंजे का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया गया, कई ब्लॉकों को तोड़ दिया गया और एक से दो मकानों की बनाई जा रही नींव तक को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, लेकिन इसके बावजूद कई कॉलोनाइजर अब भी बेखौफ होकर अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनी काटने में लगे हुए हैं।
प्रशासन ने ऐसे कॉलोनाइजरों को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा है कि अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जानकारी देते हुए डीटीपी गुंजन वर्मा ने बताया कि यह केवल एक कार्रवाई नहीं बल्कि नियमित अभियान का हिस्सा है। अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ हर महीने इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ विभाग लगातार सख्त कदम उठाएगा। डीटीपी गुंजन वर्मा ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले पूरी जांच जरूर करें। बिना मंजूरी के काटी गई कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से लोगों की मेहनत की कमाई डूब सकती है, क्योंकि ऐसी कॉलोनियों पर कभी भी प्रशासन का पीला पंजा चल सकता है।
बाक्स
नीलोखेड़ी और हाईवे पर भी चली कार्रवाई :- जिला योजनाकार विभाग की टीम ने इस अभियान के तहत नीलोखेड़ी क्षेत्र में भी एक अवैध निर्माण को ढहाया। इसके अलावा नेशनल हाईवे पर समानाबाहू के पास स्थित एक ढाबे पर भी नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अवैध कॉलोनियां बसाने वाले कॉलोनाइजरों पर अब सख्ती और बढ़ाई जाएगी। यदि किसी ने नियमों की अनदेखी कर अवैध प्लॉटिंग या निर्माण किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ बुलडोजर की कार्रवाई भी की जाएगी।


