काकरोला में पटौदी की भागीदारी पर टिकी लोगों की नजरे ?
22 संडे को पटौदी की रैली स्थगित, लेकिन काकरोला में बादशाहपुर महाविकास रैली
काकरोला में विकसित बादशाहपुर महारैली नहीं, राज्य स्तरीय आयोजन
पटौदी महाविकास रैली स्थगित होने के बाद सुस्त दिख रहे सत्ता पक्ष समर्थक
फतह सिंह उजाला
पटौदी। 22 मार्च संडे को जिला गुरुग्राम में अलग-अलग दो स्थानों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन और उनकी रैली का प्रचार सहित जनसंपर्क अभियान युद्ध स्तर पर आरंभ हुआ। लेकिन अचानक मुख्यमंत्री की एक रैली स्थगित होने की जानकारी सामने आई और इस रैली के लिए रात दिन पसीना बहाने वाले सत्ता पक्ष समर्थक उसके बाद से सुस्त हो गए।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक गढ़ पटौदी के पटौदी जाटोली मंडी नगर परिषद में मौजूद नई अनाज मंडी जाटोली में प्रस्तावित महा विकास रैली स्थगित होने की सूचना आयोजकों के द्वारा देने में भी कंजूसी बरती गई। जबकि इसी रैली के आयोजन को लेकर मीडिया को विधिवत रूप से जानकारी साझा की गई । इसी प्रकार से बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के पटौदी हलके के साथ लगते हुए गांव कांकरोला गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के नजदीक विकसित बादशाहपुर महा विकास रैली की ताल ठोक दी गई। इतना ही नहीं देखते ही देखते बादशाहपुर की यह महा विकास रैली राज्य स्तरीय आयोजन में तब्दील होती दिखाई दे रही है।
लाख टके का सवाल और जिज्ञासा लोगों में यही बनी हुई है कि बेशक से पटौदी की महाविकास रैली स्थगित हो गई? लेकिन मुख्यमंत्री की विकसित बादशाहपुर महा रैली सहित राज्य स्तरीय आयोजन में पटौदी की विधायक विमला चौधरी अपने साथ कितनी नफरी लेकर शामिल होगी। यह सवाल इसलिए भी जिज्ञासा का विषय बना हुआ है कि पटौदी की रैली स्थगित होने के बाद इसी रैली के प्रचार में जुटे हुए तमाम भाजपाई का जोश भी ठंडे हुए मौसम की तरह ठंडा दिखाई दे रहा है। लोगों में इस बात को लेकर भी जिज्ञासा बनी हुई है जो मांग पटौदी महाविकास रैली के मंच पर मुख्यमंत्री के सामने पटौदी के विकास के लिए रखी जाने की तैयारी की गई। क्या अब यही मांग संडे को काकरोला में होने वाली विकसित बादशाहपुर महारैली के मंच से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की सबसे अधिक विश्वसनीय विधायक विमला चौधरी डंके की चोट पर रखने का साहस दिखाएंगी ? या फिर इस रैली में शामिल होकर एक प्रकार से राजनीतिक औपचारिकता निभाने का काम किया जाएगा।
यह भी नहीं भूलना चाहिए कि बादशाहपुर अथवा रैली आयोजन स्थल काकरोला जिला गुरुग्राम का ही हिस्सा है। दूसरे शब्दों में गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र का ही विधानसभा इलाका भी है। इससे महत्वपूर्ण बात यह है कि काकरोला में किसी विधानसभा क्षेत्र के मुख्यमंत्री नहीं, हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री पहुंच रहे हैं । यह बात भली भांति मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संज्ञान में भी रहेगी की संडे 22 मार्च को जिला गुरुग्राम में एक नहीं दो रैली में उनको अलग-अलग संबोधित करते हुए विकास की घोषणाएं करने के लिए पहुंचना है । मुख्यमंत्री के लिए कोई भी विधानसभा क्षेत्र हो। सभी विधानसभा क्षेत्र एक समान अथवा बराबर ही होते हैं और यह सरकार सहित मुख्यमंत्री भी कहते आ रहे हैं। बिना भेदभाव के सभी विधानसभा क्षेत्र में विकास के कार्य करवाए जा रहे हैं । अब ऐसे में पटौदी की महा विकास रैली रद्द होने के बावजूद इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता पटौदी के विकास की घोषणाएं करवाने की गेंद पूरी तरह से विधायक विमला चौधरी के पाले में ही है।
Add A Comment


