संभल : मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने संभल हिंसा(Sambhal violence) से जुड़े एक मामले में एएसपी अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर अनुज तोमर समेत 15 से 20 अज्ञात पुलिसकर्मियों पर FIR करने के आदेश जारी किये हैं. यह मामला संभल हिंसा के दौरान पुलिस की गोली से एक किशोर के घायल होने का है. मामला थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला खग्गू सराय निवासी यामीन से जुड़ा है.
सांसद बर्क बोले- ऐतिहासिक फैसला : वहीं संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने लिखा है, कानून से ऊपर कोई नहीं, न वर्दी, न ओहदा. संभल हिंसा के दौरान एक युवक को गोली मारने के मामले में तत्कालीन CO समेत 12 पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज करने का CJM कोर्ट का आदेश एक ऐतिहासिक फैसला है.
यह आदेश साफ संदेश देता है कि अफसर हो या आम नागरिक, कानून तोड़ने वाला बच नहीं सकता. संभल हिंसा में जिन अधिकारियों ने कानून की सीमा लांघी है, अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया है, न्यायपालिका के जरिये इंसाफ जरूर मिलेगा. जुल्म के खिलाफ और हक के लिए लड़ते रहेंगे. इंसाफ देर से सही, मगर मिलेगा जरूर. इंशा अल्लाह.
11 महीने बाद आया आदेश : यह मुकदमा 6 फरवरी 2025 को कोर्ट में दायर हुआ था. करीब 11 महीने के बाद 9 जनवरी 2026 को मामले की सुनवाई हुई और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सभी नामजद और अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश पारित किया. मंगलवार देर शाम इस आदेश की जानकारी सामने आई.
2200 से अधिक को बनाया गया था आरोपी : बता दें कि 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में भीषण हिंसा भड़क उठी थी. पुलिस पर पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें चार लोगों की मौत और 29 पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि हुई थी. इस हिंसा के बाद 12 एफआईआर दर्ज हुईं और 2200 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया. अब उसी हिंसा से जुड़े घटनाक्रम में पुलिस अधिकारियों पर FIR हुई है.


