सुबह से लाइन में लगे लोग बोले : देर शाम तक भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, होटल-ढाबों पर ब्लैक में सप्लाई के आरोप
नीलोखेड़ी/तरावड़ी, 16 मार्च
नीलोखेड़ी और तरावड़ी क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। हालात यह हैं कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस की मौजूदगी में पर्चियां काटकर सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को देर शाम तक भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं। महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग घंटों लाइन में लगे रहे। कई उपभोक्ताओं का कहना था कि वे सुबह से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन शाम होने तक भी सिलेंडर मिलने की कोई गारंटी नहीं है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर आम लोगों को गैस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर गैस सिलेंडर ब्लैक में दिए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि घरेलू सिलेंडरों की सही तरीके से आपूर्ति की जाए और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाई जाए तो आम जनता को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो व्यवस्था बनाए रखने में लगे हुए हैं। पुलिस की देखरेख में पर्चियां काटकर उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है ताकि अव्यवस्था और धक्का-मुक्की की स्थिति न बने। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और यदि कहीं ब्लैक मार्केटिंग हो रही है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।


