तोशाम में करंट लगने से बिजली कर्मचारी की हुई दर्दनाक मौत
मृतक युवक सचिन तीन बहनों में था इकलौता भाई, घटना के पश्चात बुझ गया परिवार का इकलौता चिराग
तोशाम, 07 अप्रैल,(विष्णु दत्त शास्त्री)।
बिजली विभाग में कार्यरत गांव गुरेरा निवासी एक युवक की मंगलवार शाम को करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक तीन बहनों में इकलौता भाई था। सूचना मिलते ही मृतक युवक के परिजन तोशाम पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि गांव गुरेरा निवासी करीबन 28 वर्षीय युवक सचिन बिजली विभाग में एएलएम के पद पर कार्यरत था। मंगलवार शाम को तोशाम से गांव झांवरी मार्ग पर बिजली से संबंधित कार्य कर रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान पावर हाउस से बिजली सप्लाई भी बंद करवा दी गई थी, बावजूद इसके भी करंट कहां से आया समाचार लिखे जाने तक इसकी जांच चल रही थी। लेकिन इस दौरान घटित हादसे में बिजली कर्मचारी युवक सचिन करंट की चपेट में आ गया। आनन फानन में सचिन को तोशाम के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के पश्चात युवक सचिन को मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवक सचिन तीन बहनों में इकलौता भाई था, जिससे सचिन की मौत के पश्चात परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक सचिन की कुछ साल पहले ही शादी हुई थी और सचिन का भी एक वर्षीय ईकलौता पुत्र है। जिसने होश संभालने से पहले ही घटित हुए इस हादसे में अपने पिता को खो दिया है। इस हादसे के पश्चात बिजली विभाग के सभी कर्मचारियों में शोक की लहर है, और सचिन की मौत पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सभी ने गहरा दुख प्रकट किया है।
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ चेतन कुमार ने बताया कि हादसे में उनके कर्मचारी की मौत हो गई है। पावर हाउस से करंट बंद था लेकिन फिर भी करंट कहां से आया इसकी जांच चल रही है।
Add A Comment


