पिता के साथ नहर पर पूजा सामग्री विसर्जित करने गए 2 भाई नहर में डूबे ।
आज दोनों के शव बरामद कर परिजनों को सौंप दिये।
नरवाना 27 मार्च (नरेन्द्र जेठी )
नरवाना 27 मार्च (नरेन्द्र जेठी )
नरवाना में वीरवार शाम को एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब नवरात्रि की पूजा संपन्न होने पर 2 बच्चे अपने पिता के साथ गुरथली रोड पर स्थित नहर में पूजा की सामग्री पानी में विसर्जित करने पहुंचे और एक बच्चे का अचानक पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में डूबने लगा। अपने भाई को पानी में डूबते देख दूसरे भाई ने भी नहर में छलांग लगा दी लेकिन नहर के तेज बहाव में वह भी अपने भाई को बचाने के प्रयास में डूब गया। यह सब पिता की आंखों के सामने हुआ। बच्चों के पिता को भी तैरना नहीं आता था। पिता ने शोर मचाया और मदद की गुहार लगाई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो बच्चे नहर में डूब चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों का सर्च अभियान शुरू किया। सदर थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कि राजस्थान का रहने वाला राजेश जो फिलहाल प्रेम नगर कॉलोनी नरवाना में अपने परिवार के साथ रह रहा है। वीरवार शाम को दुर्गा अष्टमी की पूजा संपन्न होने के बाद अपने 2 पुत्रों 14 वर्षीय लक्की और 16 वर्षीय महेंद्र के साथ सिरसा ब्रांच नहर में पूजा सामग्री विसर्जित करने के लिए गया था।
पूजा सामग्री विसर्जित करते हुए 14 वर्षीय लक्की का अचानक पैर फिसल गया और वह नहर में गिर कर डूबने लगा। अपने भाई को डूबता देख महेंद्र ने भी नहर में छलांग लगा दी और अपने भाई को बचाने का प्रयास करने लगा लेकिन महेंद्र भी नहर के तेज बहाव में डूब गया। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि रोहतक सुनारिया से एन.डी.आर.एफ. की टीम को बुलाया गया है और गोताखोरों को भी बुलाया गया और बच्चों को ढूंढने का सर्च अभियान पूरी रात जारी रहा, आज दोनों भाइयों के शव नहर से बाहर निकाल कर शवों को नरवाना के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों शवों को परिजन अपने पैतृक गांव राजस्थान ले गए। कॉलोनी वासी पूरी तरह शोक की लहर में डूबे रहे और हर किसी की आंख में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
Add A Comment


