वेदांता किड्स के वार्षिक उत्सव नोविरा में झलकी शिक्षा, संस्कृति और उपलब्धियों की नई उड़ान
नरवाना 25 मार्च /नरेन्द्र जेठी
वेदांता किड्स इंटरनेशनल स्कूल बसंत विहार नरवाना में वार्षिक उत्सव नोविरा-ए न्यू एरा ऑफ ब्रिलिएंस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री सुरेश नैन बीईओ, कलायत उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट आध्यात्मिक अतिथि के रूप में बाबा गैबी साहिब मंदिर, नरवाना के महंत अजय गिरि जी महाराज भी पधारे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में एमडीएन ग्लोबल स्कूल कैथल के निदेशक विनोद कुमार, सेवानिवृत्त प्राचार्य पृथ्वी सिंह चोपड़ा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पुनीत जैन, नरवाना के एसएमओ डॉ. देवेंद्र बिंदलिश, कलोदा खुर्द क सरपंच रघुबीर, जन स्वास्थ्य विभाग के मनजीत एवं डॉ. बबीता ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय के चेयरमैन रवि श्योकंद, निदेशक इंजीनियर प्रदीप नैन एवं प्रधानाचार्या रश्मि जैन ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन नन्हे एंकर्स याशी, रेयांश, उर्वी, सव्य, मन्नत, सीरत, सुरेना एवं शन्वी द्वारा अत्यंत आत्मविश्वास एवं आकर्षक अंदाज में किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों एवं गौरवशाली यात्रा को दर्शाया गया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों को भावुक एवं गर्वित कर दिया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य, राजस्थानी नृत्य, योग प्रदर्शन, हरियाणवी, पंजाबी एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। विशेष बात यह रही कि सभी प्रस्तुतियों की तैयारी विद्यालय के शिक्षकों द्वारा स्वयं करवाई गई तथा किसी बाहरी कोरियोग्राफर की सहायता नहीं ली गई, जो शिक्षकों की समर्पण भावना और रचनात्मकता को दर्शाता है।
मुख्य अतिथि सुरेश नैन ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वेदांता विद्यालय विद्यार्थियों के लिए निरंतर अथक प्रयास करता है और विशेष रूप से नैतिक मूल्यों के विकास पर ध्यान देता है, जो आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अपने संबोधन में निदेशक इंजीनियर प्रदीप नैन ने कहा कि वेदांता पिछले 11 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है और आज यह विश्वास और समर्पण के 11 वर्ष का प्रतीक बन चुका है। हमारा लक्ष्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का समग्र विकास करना है। प्रधानाचार्या रश्मि जैन ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “हर बच्चा अपने आप में अनोखा होता है। हमारा प्रयास है कि हम प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा दें, ताकि वह अपने जीवन में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सके।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में वार्षिक परिणाम घोषणा एवं पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट एवं शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन भव्य फिनाले के साथ हुआ, जिसने सभी के मन में एक अविस्मरणीय छाप छोड़ी। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अभिभावकों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।


