स्कूल के गेट पर ही कार को रोक कर प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला
यह घटना पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 गुरुग्राम सेक्टर 14 की बताई गई
प्रिंसिपल को बचाने आए गार्ड पर भी हमला घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
बदमाशों ने कार के शीशे तोड़े प्रिंसिपल ने जैसे तैसे भाग कर अपनी जान बचाई
प्रिंसिपल की शिकायत पर सेक्टर 14 थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम। लगता है साइबर सिटी गुरुग्राम में बदमाशों को कानून के साथ-साथ पुलिस प्रशासन का कोई डर और भय नहीं रह गया है ? स्कूल के गेट पर ही निकलते हुए कार रोक कर कार में सवार प्रिंसिपल पर बदमाशों के द्वारा ताबड़तोड़ हमला बोल दिया गया। बदमाशों ने प्रिंसिपल की कार के सामने का शीशा और साइड के शीशे बुरी तरह से तोड़ दिए । इसके साथ ही हमलावरों के द्वारा प्रिंसिपल को बचाने के लिए आए गार्ड पर भी लाठी डंडों से हमला किया गया। इस घटना में स्कूल के प्रिंसिपल और गार्ड दोनों को छोटे आई हैं । इस हमले के संदर्भ में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्रिंसिपल विनोद कुमार के द्वारा सेक्टर 14 थाना में मामला दर्ज करवाया गया है।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्रिंसिपल विनोद कुमार पुत्र बंशीधर एवं पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार किसी बात को लेकर मेजबान स्कूल के ही छात्रों का आपस में झगड़ा हो गया था। जब इस बात की जानकारी प्रिंसिपल विनोद कुमार को मिली। इसके बाद जब वह स्कूल के बाहर पहुंचे, तो तब तक छात्रों का झगड़ा शांत हो चुका था। प्रिंसिपल विनोद कुमार के अनुसार छात्रों के द्वारा उनको बताया गया कि उनके ऊपर फिर से दूसरे गुट के छात्रों के द्वारा हमला अथवा मारपीट की जा सकती है , इसलिए वह अभी घर नहीं जाएंगे। इसके बाद में छात्र स्कूल के बाहर ही करीब शाम 4:00 तक मौजूद रहे । इससे पहले झगड़ा लगभग दोपहर बाद लगभग 2:30 बजे छात्रों के दो गुटों में होना बताया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज में भी साफ-साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही प्रिंसिपल कार में सवार होकर स्कूल के गेट पर पहुंचते हैं । एक हमलावर बदमाश कार के सामने आकर रुकने का इशारा करता है । स्कूल के सामने ही व्यस्त सड़क होने के कारण कार की स्पीड बहुत कम थी । इसी बीच में दाएं और बाएं दोनों तरफ से हाथों में लाठी डंडे लेकर पहुंचे हैं । बदमाशों के द्वारा ताबड़तोड़ हमला बोल दिया गया । इस प्रकार से अचानक हमला होता देख बचाने के लिए जैसे ही गार्ड कार के पास पहुंचा तो हमलावर बदमाशों ने गार्ड पर भी हमला बोल दिया । फिर भी हिम्मत दिखाते हुए हमले के बीच में गार्ड और प्रिंसिपल अपनी जान बचाते हुए वापस विद्यालय परिसर में लौटने में सफल रहे।
प्रिंसिपल विनोद कुमार के मुताबिक हमलावरों के द्वारा किए गए हमले से कार के शीशे टूटने से उनके चेहरे और आंखों पर भी चोट लगी है । इसके साथ-साथ गार्ड पर हमला किया जाने से गार्ड को भी चोट लगी है । सेक्टर 14 थाना पुलिस के द्वारा अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रिंसिपल विनोद कुमार के द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान आरंभ कर दी है।
Add A Comment


