संयोगिता गुप्ता बोली : महिला सशक्तिकरण पर भाजपा की नीतियां असरदार
तरावड़ी, 24 फरवरी (रोहित लामसर)।
भारतीय जनता पार्टी की करनाल जिला उपाध्यक्ष संयोगिता गुप्ता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों का सीधा लाभ महिलाओं तक पहुंच रहा है, जिससे वे सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई राह दिखाई है। संयोगिता गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा स्वरोजगार, लघु उद्योग, स्वयं सहायता समूह, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है। इन पहलों से महिलाओं को न केवल आर्थिक सहयोग मिला है, बल्कि उन्हें निर्णय लेने और नेतृत्व की भूमिका निभाने के अवसर भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। आज महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से छोटे उद्योग स्थापित कर रही हैं और परिवार की आय में योगदान दे रही हैं। इससे उनके आत्मसम्मान में वृद्धि हुई है और समाज में उनकी भूमिका और अधिक मजबूत हुई है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक लागू की जा रही हैं, जिससे वास्तविक बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Add A Comment


