तरावड़ी, 24 फरवरी (रोहित लामसर)।
गुरु ब्रह्मानन्द कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह की अध्यक्षता में एनएसएस और यूथ रेडक्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य एवं एचआईवी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एचआईवी/एड्स से जुड़ी सही जानकारी प्रदान करना था। सिविल अस्पताल नीलोखेड़ी से आए विशेषज्ञों ने एचआईवी संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय और इससे संबंधित भ्रांतियों के बारे में सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही जानकारी ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के रक्त व बलगम के नमूने लेकर जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया। बड़ी संख्या में छात्राओं ने स्वेच्छा से भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। सिविल अस्पताल की टीम में रचित कपिला, गुरजीत कुमार, मनोज पंवार, गौरव मुंजाल एवं कविता ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम के दौरान मानसिक अवसाद विषय पर एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिससे छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझने में मदद मिली। छात्राओं ने आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने का संकल्प भी लिया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पिंकी कादियान ने कहा कि युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखना अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता ही किसी भी बीमारी से बचाव का पहला कदम है। इस अवसर पर यूथ रेडक्रॉस प्रभारी दलवीर कौर, डॉ. आरती भटनागर, अंजूबाला, कोमल दीनदयाल, डिंपल पांचाल एवं डॉ. गीतिका सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
Add A Comment


