गढ़ी-बसई रोड पर पांच अवैध आरएमसी प्लांट किए ध्वस्त
अवैध प्लांट के खिलाफ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
डीटीपी राजेंद्र शर्मा, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत मौजूद
नियमों का पालन नहीं पाए जाने पर ही कार्रवाई की गई
मानेसर/04 जुलाई 2026 /अटल हिन्द /फतह सिंह उजाला
नगर निगम मानेसर की इंफोर्समेंट विंग ने शुक्रवार देर शाम तक निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति संचालित रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई नगर निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत की मौजूदगी में की गई।
निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए गढ़ी-बसई रोड पर बने श्री बालाजी आरएमसी, इंफ्रा मार्केट कंक्रीट, एटूवी आरएमसी, श्री राम आरएमसी और शिवम रेडीमिक्स को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों के अनुसार सभी प्लांट आवश्यक अनुमति और वैध दस्तावेजों के बिना संचालित किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और नगर निगम की टीम तैनात रही।
डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्रवाई से पहले संबंधित इकाइयों के दस्तावेजों की जांच की गई थी और नियमों का पालन नहीं पाए जाने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की औद्योगिक, व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं होने दी जाएगी। अवैध इकाइयों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
Add A Comment

