अनिल विज का 1912 कॉल सेंटर पर सरप्राइज निरीक्षण, बिजली शिकायतों पर अफसरों को चेतावनी
पंचकूला /27 मई / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा में बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की शिकायतों को लेकर अब बिजली विभाग के अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय होने जा रही है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बुधवार को पंचकूला स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के 1912 कॉल सेंटर का अचानक निरीक्षण कर पूरे सिस्टम की हकीकत परखी।
इस दौरान विज ने सिर्फ अधिकारियों से रिपोर्ट लेने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि कई उपभोक्ताओं को खुद फोन कर पूछा कि उनकी शिकायत का समाधान हुआ या नहीं। अचानक हुए निरीक्षण से कॉल सेंटर में हड़कंप का माहौल दिखाई दिया।
ऊर्जा मंत्री ने कॉल सेंटर में आने वाली शिकायतों, उनके निस्तारण की प्रक्रिया और उपभोक्ताओं को दी जा रही जानकारी की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया और कई मामलों में मौके पर ही जरूरी निर्देश जारी किए।
मीडिया से बातचीत में अनिल विज ने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 1912 हेल्पलाइन शुरू की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सीधे कर्मचारियों को फोन करने के बजाय हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि हर शिकायत की पारदर्शी मॉनिटरिंग हो सके।
उन्होंने बताया कि पंचकूला स्थित कॉल सेंटर में करीब 250 कर्मचारी चौबीस घंटे काम कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने पहुंचे थे कि शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर हो रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने शिकायतों के त्वरित समाधान पर संतोष जताया, जबकि कई लोगों ने देरी की समस्या भी बताई। इस पर विज ने अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने साफ कहा कि शहरी क्षेत्रों में बिजली शिकायतों का समाधान अधिकतम दो घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के भीतर किया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को कॉल सेंटर में लगभग 2500 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से करीब आधी का समाधान किया जा चुका था। बाकी शिकायतों पर तेजी से काम चल रहा था।
मोरनी क्षेत्र से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलने पर विज ने संबंधित अधीक्षण अभियंता को तुरंत फोन कर मौके पर टीम भेजने और जल्द बिजली बहाल करने के आदेश दिए। वहीं रोहतक से बड़ी संख्या में शिकायतें आने पर भी अधिकारियों को फौरन कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली जांचने के लिए ऊर्जा मंत्री ने खुद अपने मोबाइल से शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ भी लगाया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।
अनिल विज ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में पारदर्शी, बेहतर और जवाबदेह बिजली सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


