विधायक ने नगर निगम अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
लाइन पार क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल आपूर्ति की शिकायतों पर विधायक का कड़ा रूख
कालूपुर चौक इंडस्ट्रियल एरिया में वाटर बूस्टिंग स्टेशन का किया औचक निरीक्षण
शिकायतों के समाधान को लेकर निगम अधिकारियों और एजेंसियों के प्रतिनिधि को दी सख्त चेतावनी
काम में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करें निगम अधिकारी : निखिल मदान
संतोषजनक कार्य ना करने वाली एजेंसी को भुगतान ना किया जाए : विधायक निखिल मदान
रणबीर सिंह रोहिल्ला/सोनीपत/ 06 जुलाई 2026
विधायक निखिल मदान ने सोमवार को कालूपुर चौक इंडस्ट्रियल एरिया में वाटर बूस्टिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नगर निगम अधिकारियों, पेयजल आपूर्ति और सीवरेज सफाई का काम कर रही एजेंसियों के प्रतिनिधियों, पेयजल आपूर्ति पाइप लाइन का मरम्मत करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि, निगम पार्षदों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ वाटर बूस्टिंग स्टेशन पर ही बैठक की।
विधायक निखिल मदान ने बताया कि उन्हें रोजाना आम जनता की लाइन पार क्षेत्र से पेयजल आपूर्ति और सीवरेज सफ़ाई संबंधी शिकायतें मिल रही थी। समस्याओं का संज्ञान लेते हुए आज उन्होंने कालूपुर चौक इंडस्ट्रियल एरिया वाटर बूस्टिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। आमजन की समस्याओं में मुख्य तौर पर पेयजल आपूर्ति का कोई भी समय तय नहीं होना,
साथ ही कई कॉलोनी में दूषित पेयजल की आपूर्ति, इसके साथ-साथ सीवरेज ब्लॉकेज दूषित जल भराव से संबंधी समस्याएं भी मिल रही हैं। जिनका शिकायत दर्ज करने के बाद भी एजेंसियों द्वारा समाधान नहीं किया जा रहा है।
उपरोक्त सभी समस्याओं को लेकर उन्होंने आज नगर निगम के कार्यकारी अभियंता राहुल पूनिया, एसडीओ मनजीत दहिया, कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार और कनिष्ठ अभियंता राहुल दहिया के साथ सभी एजेंसियों के प्रतिनिधियों की बैठक की।
साथ ही उन्होंने सभी निगम अधिकारियों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है अगर आमजन की समस्याओं का समाधान तय समय पर नहीं किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही संतोषजनक कार्य न करने वाले एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए हैं। साथ ही पेयजल आपूर्ति में हर छठे महीने खराब होने वाली पानी की वाल की समस्या को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि संबंधित एजेंसी को कार्य का भुगतान तभी किया जाए, जब उसके कार्य की संतोषजनक रिपोर्ट निगम के कनिष्ठ अभियंता द्वारा दी जाएगी।
विधायक निखिल मदान ने मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए कि सीवरेज का कार्य संभाल रही एजेंसी के सभी वाहनों और मशीनरी की जांच करवाई जाए, टेंडर के अनुसार उनकी मशीनरी और कामगारों की संख्या जांची जाये।
निखिल मदान ने कहा सीवरेज और पेयजल आपूर्ति की समस्या मिलने पर और शिकायत का समाधान न होने पर एजेंसी का प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया जाए और इस चीज को सुनिश्चित किया जाए की संतोषजनक कार्य न होने पर एजेंसी का भुगतान न हो।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, नगर निगम पार्षद अनुराग जैन, सुनीता सतबीर भोला, सुनीता ब्रह्मप्रकाश राठी, राजकुमार शर्मा, पूर्व पार्षद अतुल जैन, मनोनीत पार्षद चरण सिंह जोगी, सुनील रोहिल्ला, नरेश वर्मा, राजेश वर्मा, अनिल ग्रोवर, अनिल बाजवान, एजेंसी प्रतिनिधि विनोद राठौर, नरेंद्र भोला, विशाल, राजेश इंदौरा, आदि लोग मौजूद रहे।

