फरीदाबाद /21 जून 2026 अटल हिन्द ब्यूरो /योगेश गर्ग
फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित शिव दुर्गा विहार कॉलोनी रविवार सुबह उस समय दहल उठी जब एक घर के बंद कमरे से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। जब लोग अंदर पहुंचे तो वहां 3 साल के मासूम आदित्य का खून से लथपथ शव देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। बच्चे की गला रेतकर बेरहमी से हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
घटना एच-ब्लॉक स्थित एक मकान की है, जहां मृतक बच्चा अपनी मां, नानी और सौतेले पिता के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि वारदात इतनी खामोशी से अंजाम दी गई कि घर के दूसरे हिस्से में मौजूद परिजनों को भी इसकी भनक नहीं लगी।
सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामले के पीछे किसी पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्चे की मां और सौतेले पिता के बयानों में विरोधाभास सामने आया है, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वारदात के पीछे घरेलू रंजिश या कोई अन्य कारण था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे अचानक घर से रोने-चीखने की आवाजें आने लगीं, जिसके बाद मकान मालिक मौके पर पहुंचे। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था और बेड पर मासूम का शव पड़ा हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जो सोमवार को किया जाएगा। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच जारी है।


