सर्वानंद घाट के पास हुआ हादसा, चालक की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान; जांच में जुटा प्रशासन
हरिद्वार / 06 जून / अटल हिन्द ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर यात्रियों से भरी एक निजी बस में अचानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
जानकारी के अनुसार बस हरिद्वार से देहरादून जा रही थी। बस में चालक समेत कुल 42 लोग सवार थे। सर्वानंद घाट के सामने पहुंचते ही बस से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक की सतर्कता और यात्रियों की सूझबूझ के चलते सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना के बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। आग लगने के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
हरिद्वार के एसडीएम योगेश सिंह मेहरा ने बताया कि सर्वानंद घाट के सामने एक बस में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया। उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में भी यात्रियों से भरी एक बस में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस हादसे में भी सभी यात्री सुरक्षित बच गए थे, लेकिन उनका सामान जल गया था। लगातार दूसरी बार बस में आग लगने की घटना ने परिवहन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


