कैथल में अवैध हथियारों के साथ 2 बदमाश गिरफ्तार; पुलिस को चकमा देकर भाग रहा आरोपी पुल से गिरा, पैर टूटा
कैथल/09 जुलाई 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले और अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ कैथल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत सीआईए-1 (CIA-1) पुलिस ने थाना तितरम और पुंडरी क्षेत्र से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी दोस्त हैं और कुछ दिनों पहले पुंडरी क्षेत्र में हुई एक फायरिंग की वारदात में भी शामिल थे।
पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश, पैर में हुआ फ्रैक्चर
डीएसपी सुशील प्रकाश ने प्रेसवार्ता में बताया कि पहले मामले में सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पाई नहर पुल के पास दबिश दी। पुलिस ने मौके से गांव हजवाना निवासी सुरेंद्र उर्फ गोलू को एक 315 बोर अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

वीरवार सुबह जब पुलिस टीम आरोपी सुरेंद्र को हथियार सप्लाई वाले स्थान (152डी पाई-बरसाना रोड) की निशानदेही के लिए ले गई, तो उसने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। भागने के चक्कर में वह पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे तुरंत दोबारा काबू किया और इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
दूसरे क्षेत्र से साथी आरोपी भी दबोचा
डीएसपी ने बताया कि दूसरे मामले में सीआईए-1 के एचसी पवन कुमार की टीम ने पूंडरी-बरसाना रोड के पास से गांव हाबड़ी निवासी संदीप उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया। आरोपी संदीप कैथल-करनाल सड़क पर किसी वाहन के इंतजार में खड़ा था। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस दोनों आरोपियों से अवैध हथियारों के नेटवर्क और पुंडरी फायरिंग मामले में गहनता से पूछताछ कर रही है।

