चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी,साइबर ठगी वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 03 गिरफ्तार
कब्जा से 05 फोन, 05 पासबुक, 16 चेक बुक व 18 एटीएम कार्ड बरामद आरोपियों की पहचान अजीत कुमार शाह, प्रदुम
तथा विनय के रूप में हुई
गुरुग्राम /09 जुलाई 2026 /अटल हिन्द /फतह सिंह उजाला
गौरव फोगाट, सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध, गुरुग्राम के मार्गदर्शन में निरीक्षक नवीन कुमार, प्रबंधक थाना साइबर दक्षिण, के नेतृत्व में उप निरीक्षक सतेंद्र ने पुलिस टीम के साथ तकनीकी जांच करते हुए 08. जुलाई को गांव डूंडाहेड़ा, गुरुग्राम से चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अजीत कुमार शाह (उम्र-30 वर्ष) निवासी जिला बलिया (उत्तर प्रदेश), 2. प्रदुम (उम्र-30 वर्ष) निवासी जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) तथा 3. विनय (उम्र-40 वर्ष) निवासी जिला सुल्तानपुर (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई। आरोपियों के विरुद्ध थाना साइबर दक्षिण, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि प्रत्येक आरोपी ने अपने आधार कार्ड में पता बदलवाकर विभिन्न बैंकों में 10 से अधिक बैंक खाते खुलवा रखे थे। आरोपियों द्वारा इन बैंक खातों की चेक बुक, पासबुक, एटीएम कार्ड एवं अन्य बैंकिंग दस्तावेज साइबर ठगी करने वाले गिरोह को प्रति बैंक खाता 5,000 रुपये कमीशन लेकर उपलब्ध कराए जाते थे। आरोपी विनय ने पूछताछ में बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के कहने पर इस कार्य से जुड़ा था तथा बाद में उसने आरोपी अजीत कुमार शाह एवं प्रदुम को भी इस कार्य में शामिल कर लिया। जांच के दौरान बरामद बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों के विरुद्ध साइबर क्राइम पोर्टल पर 03 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से ठगी की वारदातों को अंजाम देने में प्रयोग किए गए 05 मोबाइल फोन, 05 पासबुक, 16 चेक बुक तथा 18 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामद डिजिटल उपकरणों एवं बैंकिंग दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से उपरोक्त मामले तथा अन्य साइबर ठगी के मामलों में संलिप्तता, अन्य सह-आरोपियों, बैंक खातों के माध्यम से हुए लेन-देन तथा साइबर ठगी नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
Add A Comment

