साइक्लिंग लीग से बेटियों को मिलेगा नया मंच, खेलों से बनेगा स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त समाज : कोच सोमबीर सिंह
तोशाम/05 जुलाई2026/विष्णु दत्त शास्त्री
रविवार को क्षेत्र के गांव ईशरवाल में महिला साइक्लिंग लीग का सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर साइक्लिंग कोच सोमबीर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और ग्रामीण प्रतिभाओं को नई दिशा देने का सशक्त अभियान हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन अवसरों का अभाव अक्सर इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने से रोक देता है। ऐसे में जब जिला स्तर की प्रतियोगिता गांव के निकट आयोजित होती है, तो यह विशेष रूप से बेटियों के लिए अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का एक अमूल्य अवसर बन जाती है। यदि अभिभावक अपनी बेटियों को खेलों से जोड़ने के लिए आगे आएं, तो यही खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव, जिले और देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
सोमबीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत, नशे का खतरा, शारीरिक निष्क्रियता और गलत संगति जैसी सामाजिक चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। इन समस्याओं का सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान खेल हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है,” इसलिए प्रत्येक बच्चे, विशेषकर बेटियों, को नियमित रूप से किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़ना चाहिए। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन केवल खिलाड़ियों के लिए अवसर नहीं, बल्कि पूरे समाज को खेल संस्कृति से जोड़ने का माध्यम है।

जब प्रतियोगिताएं गांव के आसपास आयोजित होती हैं, तो अधिक से अधिक बच्चे और अभिभावक खेलों के प्रति जागरूक होते हैं तथा नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में कोच सोमबीर सिंह ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, ग्रामवासियों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों, ग्राम पंचायत, जिला प्रशासन तथा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होते रहेंगे, जिससे ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को उचित मंच मिलेगा और खेलों के माध्यम से एक स्वस्थ, अनुशासित, नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम आगे बढ़ेंगे। इस मौके पर कैप्टन उमेद सिंह सरपंच, डॉ. अशोक जांगड़ा, मुकेश सोनी, सोनू कुमार, सतीश जांगड़ा, नरेश झांझरिया, आजाद सिंह, प्रवीण, विनोद कुमार, गुणपाल आदि सहित अनेक ग्रामीण तथा विभिन्न खेल प्रेमी मौजूद थे।

