RTI एक्टिविस्ट पीपी कपूर को मिली जान से मारने की धमकी, स्वामी ज्ञानानंद के करीबी सुरेश भसीन पर संगीन आरोप; ऑडियो लीक
समालखा / पानीपत / अटल हिन्द ब्यूरो:
हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है । क्षेत्र के जाने-माने आरटीआई एक्टिविस्ट (RTI Activist) कॉमरेड पीपी कपूर ने कुरुक्षेत्र वाले गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के परम सहयोगी सुरेश भसीन पर फोन और व्हाट्सएप के जरिए जान से मारने की धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं । पीपी कपूर ने इस संबंध में पानीपत के एसपी, डीएसपी समालखा और थाना प्रभारी को सबूतों के साथ लिखित शिकायत देकर तुरंत केस दर्ज करने की मांग की है ।
साले काट दूंगा तुझे…” फोन कॉल का ट्रांसक्रिप्शन आया सामने
शिकायतकर्ता पीपी कपूर ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि 12 जून 2026 की दोपहर ठीक 1 बजकर 7 मिनट पर उनके मोबाइल नंबर पर एक नंबर (+91 95411 26726) से कॉल आई, जो ट्रूकॉलर पर सुरेश भसीन के नाम से रजिस्टर्ड है ।

सौंपे गए ट्रांसक्रिप्शन के अनुसार बातचीत के मुख्य अंश:
सुरेश भसीन: “कपूर बोल रया हे के? …तुम्हारे को इतनी तमीज नहीं है कि किसी के बारे में क्या लिखा जाता है। तेरे को साले, कुत्ते, ऐसा करूंगा कि याद रखेगा ।
सुरेश भसीन: “कपूरपना तू भूल जाएगा, तू करता है पत्रकारिता। तूने जो लिखा है न स्वामी ज्ञानानंद के बारे में, साले काट दूंगा तेरे को, ये ध्यान कर लियो तूने ।
सुरेश भसीन: “अपनी औकात में रहा करो। पैसा चाहिए तो हमसे पैसा मांग लो सालो ।
व्हाट्सएप पर भी भेजा धमकी भरा संदेश
पीपी कपूर का आरोप है कि फोन कटने के तुरंत बाद दोपहर 1:13 बजे आरोपी ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर भी एक टेक्स्ट संदेश भेजा । इस मैसेज में लिखा था—
“कपूर के बच्चे किसी के बारे में कुछ भी लिखने से पहले हजार बार सोचना चाहिए… आज के बाद अगर ऐसा कुछ लिखा ना महाराज जी के बारे में तो अपना हिसाब लगा लेना, अपनी औकात में रहो ।
क्यों उपजा विवाद और रंजिश?
आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर के मुताबिक, उन्होंने 11 जून 2026 को सोशल मीडिया पर स्वामी ज्ञानानंद महाराज के इतिहास और उनकी बैकग्राउंड हिस्ट्री को जानने के लिए एक पोस्ट शेयर की थी । आरोप है कि अपनी पोल पट्टी और राज खुलने के डर से घबराकर स्वामी ज्ञानानंद ने अपने साथी सुरेश भसीन के साथ मिलकर हम-मशवरा होकर इस वारदात को अंजाम दिया, ताकि उन्हें डराया जा सके ।
सुरक्षा की गुहार, दहशत में परिवार
पीपी कपूर ने पुलिस को दिए आवेदन में सुरेश भसीन और स्वामी ज्ञानानंद महाराज की करीबी तस्वीरें भी संलग्न की हैं, जिनमें भसीन स्वामी जी के साथ नजर आ रहे हैं और फेसबुक पोस्ट पर उन्हें ‘महाराज जी का सारथी’ बताया गया है । कपूर ने कहा कि इस खुली धमकी से उनका पूरा परिवार बेहद आतंकित और असुरक्षित महसूस कर रहा है । उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोनों आरोपियों पर तुरंत कानूनी शिकंजा कसने और उन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की पुरजोर अपील की है ।


