रतिया में पांच वर्षीय बेटी की हत्या का आरोप, पिता गिरफ्तार; भाखड़ा नहर में धक्का देने का मामला
पांच वर्षीय मासूम बेटी की हत्या के मामले में आरोपी पिता गिरफ्तार
स्कूल से साथ ले जाकर भाखड़ा नहर में धक्का देने का आरोप
रतिया, /24 जुलाई 2026/न्यूज रिसोर्स/अटल हिन्द ब्यूरो
पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सदर रतिया पुलिस ने पांच वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता गुरप्रीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गांव खुननको गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के विरुद्ध परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना सदर रतिया प्रभारी उप निरीक्षक शीशपाल ने बताया कि 22 जुलाई को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव खुनन निवासी पांच वर्षीय गुरनिवाज कौर की भाखड़ा नहर में डूबने से मृत्यु हो गई है तथा उसका शव पंजाब के फतेहपुर हेड के समीप नहर से बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस नागरिक अस्पताल रतिया पहुंची और नियमानुसार प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
23 जुलाई को मृतका के मामा जगबीर सिंह निवासी गांव अहरवां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी गुरप्रीत सिंह के साथ हुई थी। दंपति की दो पुत्रियां थीं तथा पुत्र न होने के कारण गुरप्रीत सिंह अक्सर बच्चियों के पालन-पोषण के खर्च को लेकर परेशान रहता था।
शिकायत के अनुसार, 22 जुलाई को गुरप्रीत सिंह अपनी छोटी पुत्री गुरनिवाज कौर को बहबलपुर स्थित स्कूल से मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया और रतिया-बुढ़लाडा रोड स्थित भाखड़ा नहर पुल के समीप पहुंचकर उसे नहर में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। बाद में बच्ची का शव पंजाब के फतेहपुर हेड के समीप नहर से बरामद हुआ।
परिजनों के बयान एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर थाना सदर रतिया में मुकदमा नंबर 173 दिनांक 23.07.2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की गहनता से जांच जारी है।

