चरखी दादरी में 7 माह की गर्भवती की संदिग्ध मौत, मायके का आरोप- “ससुराल वालों ने कहा था… तीसरी बेटी हुई तो मार देंगे”
चरखी दादरी / 07 जुलाई 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के चरखी दादरी जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बौंद कलां थाना क्षेत्र के गांव सांजरवास में सात महीने की एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की डिमांड और तीसरी बेटी होने की आशंका के चलते करंट लगाकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जुड़वां बेटियों की मां थी मृतका, गर्भपात का बनाया जा रहा था दबाव
मृतका की पहचान 24 वर्षीय रुबल देवी के रूप में हुई है। गुरुग्राम के गांव नानूकलां निवासी रुबल के पिता राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 16 फरवरी 2021 को सांजरवास निवासी ललित के साथ हुई थी। रुबल पहले से ही जुड़वां बेटियों की मां थी और इस बार वह 7 महीने की गर्भवती थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति ललित, ससुर सोमवीर और सास कृष्णा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। ‘वंश आगे बढ़ाने’ की बात कहकर रुबल को लगातार ताने दिए जाते थे। मृतका की मां सीमा देवी ने रोते हुए बताया, “दो दिन पहले बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया था कि प्राइवेट अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने फिर से लड़की होने की बात कही है। इसके बाद से ही ससुराल वाले उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहे थे और धमकी दी थी कि अगर तीसरी लड़की हुई तो जान से मार देंगे।”
“हम तो बेटी को लेने जा रहे थे, उन्होंने करंट देकर मार डाला” मृतका की मां सीमा देवी ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा, “हम अपनी बेटी को वापस मायके लाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई। उन्होंने मेरी बेटी को करंट लगाकर मार दिया। एक ही झटके में मेरी मासूम बेटी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जान ले ली। हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए।” परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
लाखों रुपये देने के बाद भी नहीं थमी दहेज की भूख
पिता राज सिंह के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी का घर बचाने के लिए पहले तीन लाख रुपये और बाद में दो लाख रुपये भी ससुराल वालों को दिए थे। इसके बावजूद उनकी प्रताड़ना और रुपयों की मांग कम नहीं हुई। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज उत्पीड़न और बेटियों के प्रति फैले भेदभाव के काले सच को उजागर कर दिया है।
पुलिसिया कार्रवाई: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
मामले की जांच कर रहीं एएसआई कांता रानी ने बताया कि: “सांजरवास गांव में विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। मृतका के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

