झज्जर में संजय सैनी हत्याकांड में मुख्य आरोपी संजय बिरधाना एनकाउंटर में ढेर
झज्जर /चंडीगढ़, 19 जून 2026 (अटल हिन्द ब्यूरो)।
हरियाणा के झज्जर जिले में देर शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में संजय सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी संजय बिरधाना मारा गया। कड़ौदा गांव के पास हुई इस एनकाउंटर में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी को तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल संजय बिरधाना को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे बाजू में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री, DCP धारणा यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
मृतक की पहचान बिरधाना गांव निवासी 26 वर्षीय संजय के रूप में हुई है, जो कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय पर अपनी पत्नी अंजलि की हत्या, विजय सैनी की हत्या और अन्य मामलों में शामिल होने के आरोप थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, संजय अपने साले की हत्या की फिराक में भी घूम रहा था। हाल ही में उसने विजय सैनी की हत्या को अंजाम दिया था, जो पहले उसके बेटे की हत्या मामले में गवाह था। इस पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को इस हत्याकांड की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इससे पहले 14 जून को झज्जर के दुजाना गांव के पास हुई मुठभेड़ में संजय बिरधाना का करीबी साथी इंद्रपाल भी मारा जा चुका है। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के साथ हुई उस मुठभेड़ में इंद्रपाल ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके जवाब में उसे ढेर कर दिया गया था।
गौरतलब है कि 31 मई को दुजाना गांव में विजय सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने बेटे सुनील सैनी की हत्या मामले में गवाह था और खेतों की ओर जाते समय बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
पुलिस ने इस पूरे मामले में संजय बिरधाना, इंद्रपाल और अन्य आरोपियों को नामजद किया था। अब मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।


