9 करोड़ की ठगी: पत्नी ने फर्जी नौकरी व अन्य तरीके से पति को लूटा
दूसरा विवाह कर फरार, पत्नी समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अम्बाला/ न्यूज रिसोर्स /23 जुलाई 2026 / पूर्ण सिंह
शादी के रिश्ते को कलंकित करने वाला एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र से सामने आया है। यहां गांव उगाला निवासी तरणप्रीत सिंह की पत्नी ने फर्जी सरकारी दस्तावेज, गैस एजेंसी और निवेश के नाम पर पति से करीब 9 करोड़ ठग लिए। इतना ही नहीं आरोपी पत्नी ने पति से तलाक लिए बिना दूसरे युवक से विवाह भी कर लिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने पत्नी सहित दो लोगों के खिलाफ थाना बराड़ा में प्राथमिकी दर्ज की है।
कैसे रचा गया षड्यंत्र
शिकायतकर्ता उगाला निवासी तरणप्रीत सिंह पुत्र स्व. महंगा सिंह ने एसपी अम्बाला को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह मार्च 2018 में पटियाला निवासी अनुप्रीत कौर से हुआ था। तरनणप्रीत अपने 13 एकड़ जमीन में खेती करता था और उगाला में ही उनकी गैस एजेंसी थी। शादी से पहले ससुराल पक्ष ने बताया था कि लडक़ी यूपीएससी की तैयारी कर रही है। विश्वास में आकर तरणप्रीत ने शादी कर ली, लेकिन यह बात झूठी निकली।
विवाह के बाद वह अपनी पत्नी के साथ जीरकपुर में किराये पर रहने लगे। इस दौरान उसकी पत्नी अनुप्रीत, ससुर अरविंदर सिंह, सास राजिन्द्र कौर, साला सिमरजोत ने कभी जमीन खरीदने, कभी व्यवसाय में निवेश करने, कभी रिश्तेदारों की कम्पनी में पैसा लगाने तथा कभी विभिन्न व्यापारिक योजनाओं में साझेदारी दिलाने का झूठा प्रलोभन दिया और तरणप्रीत ने अपनी लगभग 10 एकड़ भूमि बेच दी और आरोपियों को पांच करोड़ दिए।
फर्जी इनकम टैक्स कमीश्वर के पद के लिए हड़पे तीन करोड़
इसके बाद इन चारों ने बराड़़ा हनुमान कॉलोनी निवासी सुनील सिंह, साहिल रोठान, उसकी पत्नी रोशनी, कमल सिंह और उमेद सिंह ने उसे कहा कि अनुप्रीत आयकर विभाग में कमीश्नर नियुक्त हो गई है।
जिसके लिए ट्रेनिंग और सिक्योरिटी के नाम पर 3 करोड़ उससे ले लिए। इसके संबंध में फर्जी ईमेल भी भेजा गया। इसके अलावा आस्टे्रलिया में रहने वाली तरणप्रीत की बहन अनरीत कौर के फर्जी हस्ताक्षर कर उसके खते से करीब 40 लाख रुपए निकाल लिए। फर्जी हस्ताक्षर से फर्जी लीज डीड तैयार की और गैस एजेंसी को बराड़ा के कमल सिंह और उमेद सिंह के नाम दिखा दी। इसके बाद एजेंसी के खातों से करीब एक करोड़ का गबन कर लिया।
अनुप्रीत कौर दूसरा विवाह कर हुई फरार
तरणप्रीत का आरोप है कि उसकी पत्नी अनुप्रीत कौर का बराड़ा के साहिल रोठान के साथ अवैध संबंध था। बिना तलाक लिए दोनों ने शादी कर ली और बराड़ा से फरार हो गए। तरणप्रीत के अनुसार आरोपी पत्नी से पैदा हुई बच्ची भी साहिल की बताई जा रही है। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद थाना बराड़ा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जांच में अरविंदर सिंह, राजिंद्र कौर सहित 7 लोगों को क्लीन चिट दी गई है। वहीं अनुप्रीत कौर, साहिल रोठान और अन्य अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की संपत्ति और बैंक खाते फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। केस की जांच उप-निरीक्षक राजेश कुमार कर रहे हैं।

