ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों की पिटाई, महिला से अभद्रता के आरोप के बाद भड़की भीड़
कैथल/ऋषिकेश/21 मई /अटल हिन्द /राजकुमार अग्रवाल
उत्तराखंड के ऋषिकेश में हरियाणा के कैथल से पहुंचे दो पर्यटकों की स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। युवती से कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के आरोप के बाद गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना बुधवार शाम काली की ढाल क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिद्वार की ओर से कार में ऋषिकेश पहुंचे दोनों युवक कथित रूप से नशे की हालत में थे। आरोप है कि उन्होंने सड़क से गुजर रही एक महिला के साथ अभद्रता और अश्लील इशारे किए।
महिला द्वारा विरोध जताने पर आसपास मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया। स्थानीय लोगों ने युवकों को रोककर विरोध किया, लेकिन मामला जल्द ही विवाद में बदल गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकाल लिया।
पर्यटकों को नग्न कर पीटा, कार को किया क्षतिग्रस्त: यह बात सुनते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने पर्यटकों का विरोध किया. पर्यटक भी कार से उतरे और आरोपों को झूठलाते हुए बहस करने लगे. इस बीच विवाद इतना बढ़ा कि लोगों ने पर्यटकों की कार को निशाना बनाया और पत्थरों से वार कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. लोगों ने पर्यटकों की इस कदर पिटाई कर दी कि एक पर्यटक लहूलुहान हो गया. जबकि, दूसरे पर्यटक के तो कपड़े तक फट गए और वो पूरा नग्न हो गया.
गुस्साए लोगों ने बुरी तरह से पीटा: उसके बाद भी लोग उसे पीटते हुए नजर आए. पिटाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ दो युवकों को नग्न कर पीटती नजर आ रही है. वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि युवक कार में बैठकर 13-14 साल की लड़कियों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे.
पुलिस ने पर्यटकों का पहले मेडिकल कराया, फिर ले गई चौकी: उधर, घटना की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची. किसी तरह विवाद को शांत किया और पीड़ित पर्यटकों को पहले अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया और फिर उन्हें चौकी ले गई.
मामले में दोनों तरफ से नहीं मिली कोई शिकायत: फिलहाल, पर्यटकों ने पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग नहीं की है. वहीं, मामले में आरोप लगाने वाली महिला ने भी पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं दी है. बताया जा रहा है कि युवक कार लेकर ऋषिकेश से निकल चुके हैं.
कोतवाली ऋषिकेश के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जिस पक्ष की भी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


