एचटेट परीक्षा के दौरान कैथल पुलिस ने निभाया मानवीय धर्म, लेट हो रहे परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचाया परीक्षा केंद्र,
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कानून व सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों व अभिभावकों की हरसंभव सहायता में जुटी रही जिला पुलिस
ढांड चौक पर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की टीम ने वाहन न मिलने से परेशान महिला परीक्षार्थी को पुलिस गाड़ी से पहुंचाया इंडस स्कूल परीक्षा केंद्र
कैथल /05 जुलाई 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान कैथल पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए परीक्षार्थियों की हरसंभव सहायता कर सराहनीय कार्य किया। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिला पुलिस परीक्षा ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही तथा यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा परीक्षा से पहले ही जिला पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि एचटेट परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों की हरसंभव सहायता की जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित तथा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए जिले में विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस टीमों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती से संभाला, बल्कि जरूरतमंद परीक्षार्थियों की मौके पर मदद भी की।
इसी क्रम में ढांड चौक पर ड्यूटी व चेकिंग के दौरान इंस्पेक्टर ओमप्रकाश अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला परीक्षार्थी अपने अभिभावक के साथ उनके पास पहुंची और बताया कि वह परीक्षा के लिए लेट हो रही है तथा काफी प्रयास के बावजूद उसे कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया।
महिला परीक्षार्थी ने बताया कि उसका परीक्षा केंद्र इंडस स्कूल में है और यदि उसे समय पर वहां नहीं पहुंचाया गया तो वह परीक्षा से वंचित रह सकती है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया और बिना समय गंवाए महिला परीक्षार्थी तथा उसके अभिभावक को पुलिस वाहन में बैठाकर परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला परीक्षार्थी को समय पर इंडस स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में पहुंचाया, जिससे वह समय रहते परीक्षा में शामिल हो सकी। इसके साथ साथ पुलिस चौकी अनाजमंडी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार सहित जिला पुलिस के अन्य पुलिस कर्मचारियों द्वारा भी कई परीक्षार्थियों की सम्भव मदद की गई।
कैथल पुलिस द्वारा की गई इस मदद से महिला परीक्षार्थी और उसके अभिभावक ने राहत महसूस की तथा पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं परीक्षा ड्यूटी के दौरान अन्य स्थानों पर भी पुलिस कर्मियों द्वारा जरूरतमंद परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन, सहायता और सहयोग प्रदान किया गया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली की परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों ने सराहना की और कैथल पुलिस का बार-बार धन्यवाद किया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन की सहायता करना भी है। एचटेट परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा और सहयोग की भावना से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कैथल पुलिस आमजन की सुरक्षा, सुविधा और सहायता के लिए इसी प्रकार तत्परता से कार्य करती रहेगी।
Add A Comment

