आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और सुविधा यादव सभा की प्राथमिकता – नरेश यादव
यादव समाज कल्याण सभा पटौदी की दूसरी वार्षिक सामान्य बैठक का आयोजन
बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित किया जाने पर गंभीर चर्चा
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया
डिजिटल लाइब्रेरी तथा बुक बैंक स्थापित करना यादव सभा की प्रस्तावित योजनाएं
हेलीमंडी/ 05 जुलाई 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो /फतह सिंह उजाला
यादव समाज कल्याण सभा पटौदी की दूसरी वार्षिक सामान्य बैठक का आयोजन पटौदी जाटोली मंडी परिषद के हेली मंडी क्षेत्र में संडे को किया गया। इस सामान्य बैठक का आरंभ भगवान श्री कृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्वलित किया जाने और भगवान श्री कृष्ण के जय घोष के साथ हुआ।
यादव समाज कल्याण सभा पटौदी के अध्यक्ष नरेश यादव के द्वारा 2 वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जोखा मंच के माध्यम से सभा के सभी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया । इस मौके पर सभा के विभिन्न पदाधिकारी और अन्य सदस्यों के द्वारा समाज और राष्ट्र हित में अपने-अपने विचार मंच के माध्यम से साझा किए गए। इस बैठक में कुछ मुद्दों को लेकर सदस्यों में वैचारिक भिन्नता भी सुनने और देखने के लिए मिली। वरिष्ठ और अनुभवी वक्ताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और व्यवस्था में सवाल जवाब होना भी आवश्यक है। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण विश्वास और कार्यों में पारदर्शिता ही होती है।
यादव समाज कल्याण सभा पटौदी के अध्यक्ष नरेश यादव के द्वारा मंच के माध्यम से भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया सभा का उद्देश्य और लक्ष्य शिक्षा का प्रोत्साहन है । समाज और राष्ट्र की तरक्की के लिए शिक्षा और शिक्षित होना बहुत जरूरी है । मौजूदा समय में प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से युवा वर्ग अपनी योग्यता का परिचय करवा रहे हैं । उन्होंने कहा विभिन्न सरकारी स्कूलों में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाने के मौके पर कक्षा 8 से अधिक के विद्यार्थियों के लिए उनके सिलेबस की पुस्तकों का अभाव की समस्या मुख्य रूप से उभर कर आई। नरेश यादव ने कहा सभा के कार्यकारिणी के बीच में विचार मंथन किया गया कि बच्चों को शिक्षा के संसाधन उपलब्ध करवाने की दिशा में बुक बैंक स्थापित करने के साथ-साथ डिजिटल अथवा ई लाइब्रेरी की स्थापना पर भी गंभीरता से विचार कर इस पर अमल किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया यादव समाज कल्याण सभा पटौदी के द्वारा एक भव्य भवन निर्माण के साथ-साथ भगवान श्री कृष्ण का मंदिर बनाया जाना भी प्रस्तावित है । भवन निर्माण के लिए सरकारी योजना के मुताबिक जमीन उपलब्ध करवाने के लिए गंभीर प्रयास निरंतर जारी है। नरेश यादव ने कहा यादव समाज कल्याण सभा का कार्य क्षेत्र सीमित नहीं होकर 36 बिरादरी तक विस्तार लिए हुए हैं । इसी मौके पर मंच के माध्यम से विभिन्न वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए कहा भवन निर्माण के लिए पटौदी जाटोली मंडी परिषद से भी जमीन उपलब्ध करवाने के लिए अनुरोध किया जाना चाहिए ।
यादव समाज कल्याण सभा के द्वारा पिछले वर्ष के कार्यकाल के दौरान 150 विद्यार्थियों को स्कूल बैग रजिस्टर और पैन इत्यादि भेंट किए गए वाटर कूलर के साथ-साथ स्कूल में आर औ भी लगवाया गया। इसी मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा वर्ग को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहित किया गया । यादव समाज कल्याण सभा के अध्यक्ष नरेश यादव ने आगामी कार्रवाई के लिए सभा के संरक्षक मंडल को अधिकृत करते हुए सभा की कार्यवाही के समापन की घोषणा की।
Add A Comment

