बिजली कर्मचारियों की गेट मीटिंग, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
पिहोवा, 24 जून 2026 (अटल हिन्द ब्यूरो)।
कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर एएचपीसी वर्कर यूनियन ने बुधवार को उपमंडल अधिकारी, सब अर्बन सब डिवीजन नंबर-1 मुर्तजापुर कार्यालय के समक्ष गेट मीटिंग आयोजित की। यूनियन नेताओं ने कर्मचारियों के तबादलों, कार्य व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी मामलों पर विभागीय अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निपटारा नहीं किया गया तो यूनियन अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगी।
गेट मीटिंग के तीसरे दिन आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान मुकेश गोस्वामी ने की, जबकि संचालन सब यूनिट सचिव मोहिंदर वर्मा ने किया। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यूनियन नेताओं ने कहा कि डेरा बाजीगर को शिकायत केंद्र भेरियां में तैनात करने के आदेश कर्मचारियों के हित में नहीं हैं, क्योंकि भेरियां केंद्र काफी दूरी पर स्थित है, जबकि उसके निकट अन्य शिकायत केंद्र उपलब्ध हैं। इसी प्रकार राहुल ALM के जीएससी से भेरियां तबादले का भी विरोध किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि विभाग की ओर से जीएससी में कार्यभार अधिक होने के कारण एमसीओ का कार्य शिकायत केंद्र पर संचालित करने की बात कही जा रही है, लेकिन दूसरी तरफ वहां से कर्मचारियों को हटाया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
यूनियन ने मांग रखी कि एमसीओ का कार्य जीएससी में ही संचालित किया जाए। साथ ही मेडिकल डिस्क की समस्या से जूझ रहे कर्मचारी महेन्द्र वर्मा AFM को स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए कार्यालय में बैठकर किए जाने वाले कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाए।
यूनिट सचिव गुरचरण संधू ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान बातचीत के माध्यम से शीघ्र किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो यूनियन को अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस अवसर पर यूनिट प्रधान जोगिन्द्र सिंह, अनिल कुमार, राहुल, प्रदीप साहारण, सौरभ पठानिया, पंकज पुरी, बलवान, हवा सिंह, ईश्वर सिंह, करण भारद्वाज, बंटी पाल, सतीश, मौसम, रमेश, दीपक सैनी, वरुण गुप्ता, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।


