यमुनानगर में पुलिस टीम पर हमला, एनडीपीएस का वांटेड आरोपी छुड़ाया
रादौर /16 जून 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब करनाल सीआईए की टीम एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे वांटेड आरोपी को गिरफ्तार करने गांव छोटा बांस की डेहा बस्ती पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में पुलिस के सरकारी और निजी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तथा कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोपी राजेंद्र को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया।
बताया जा रहा है कि जब पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो कुछ महिलाओं सहित अन्य ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की और विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख सीआईए टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस टीम का कुछ दूरी तक पीछा भी किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद रादौर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया जा रहा है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी को छुड़ाने और पुलिस पर हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।


